उक्त कमेटी के अध्यक्ष डीसी कांगड़ा हैं, ऐसे में कई प्रश्न भी उठे

उज्जवल हिमाचल। परागपुर

परागपुर की ग्राम सभा में क्या डीसी कांगड़ा उपस्थित होंगे। यह प्रश्न इसलिए उठ खड़ा हुआ है, क्योंकि सीएम हेल्पलाइन में 27 जून को परागपुर निवासी ने शिकायत दर्ज करवाई है कि हेरिटेज विलेज कमेटी गरली-परागपुर के अध्यक्ष को आगामी होने वाली ग्राम सभा की बैठक में तलब किया जाए और हेरिटेज विलेज परागपुर का लेखा-जोखा वे जनता के समक्ष रखें। इस पर सीएम हेल्पलाइन ने शिकायतकर्ता की शिकायत को परागपुर पंचायत सचिव को प्रेषित कर उक्त शिकायत का समाधान अधिकारी नियुक्त
किया है।

ऐसे में यह प्रश्न भी उठ खड़ा हुआ है कि क्या परागपुर की ग्राम सभा डीसी कांगड़ा को बैठक में उपस्थित होने को कह सकती है, क्या पंचायती राज नियम में ऐसा कोई प्रावधान है, परंतु इसका निवारण शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में ही कर दिया है। परागपुर पंचायत का भौगोलिक रुप में दायरा हेरिटेज विलेज परागपुर से कहीं बड़ा है और हेरिटेज विलेज परागपुर का दायरा परागपुर पंचायत के तहत एक वार्ड का मात्र रेड लाइन एरिया (आबादी देह क्षेत्र है)।

ऐसे में परागपुर पंचायत का दायरा भौगोलिक रुप से हेरिटेज विलेज से कहीं बड़ा है और परागपुर की ग्राम सभा पंचायती राज अधिनियम के तहत कार्य करती है, जबकि हेरिटेज विलेज के कोई नियम नही बनाये गए हैं। ऐसे में परागपुर की ग्राम सभा हेरिटेज विलेज परागपुर के अध्यक्ष को ग्रामसभा की बैठक में बुलाकर वो सारा हिसाब किताब पूछ सकती है, जो धन केंद्र सरकार ने आज तक हेरिटेज विलेज परागपुर के विकास एंव उत्थान के लिए दिया है।

अब बात आती है कि डीसी कांगड़ा को किस आधार पर परागपुर की ग्रामसभा तलब कर सकती है, तो शिकायत कर्ता ने जो मांग की है कि परागपुर की ग्रामसभा में हेरिटेज विलेज कमेटी गरली-परागपुर के अध्यक्ष को ग्रामसभा की बैठक में तलब किया जाए, तो यहां बताना चाहेंगे कि सरकार द्वारा जारी अधिसूचना अनुसार हेरिटेज विलेज कमेटी गरली-परागपुर के अध्यक्ष डीसी कांगड़ा है और शिकायतकर्ता ने डीसी की बजाए कमेटी के अध्यक्ष को बुलाने की मांग रख कर परागपुर पंचायत को दो राहे पर खड़ा कर दिया है।