गीता भवन से तलवारें लहराकर नहीं होते विकास कार्य : तरुण कपिल

एमसी शर्मा। नादौन

नादौन नगर पंचायत प्रधान तरुण कपिल ने स्थानीय विधायक सुखविंद्र सिंह सुखु पर करारा हमला करते हुए तंज कसा है कि गीता भवन में चंद समर्थकों के जमावड़े के बीच तलवारें लहराकर विकास कार्य नहीं होते, बल्कि इसके लिये निरंतर संघर्षरत रहकर प्रदेश सरकार से सकारात्मक वार्ता से मुद्दे ज़मीन पर उतारे जाते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षाें से सुख्खु चुनावों के प्रत्येक पांचवें साल में नादौन को स्विट्जरलैंड बनाते हैं। नादौन नगर पंचायत उपप्रधान योगराज मेहरा एवं भाजपा पार्षदों ने कहा कि स्थानीय विधायक की पिछले दो दशकों की राजनीति का चैप्टर महज़ इतना भर है कि चुनावों के बाद चार वर्ष शिमला में गायब हो जाओ और पांचवें वर्ष नादौन में घुसकर फिर से जनता को मूर्ख बनाने चले आओ।

यह भी देखें : पीठासीन अधिकारियों का सम्मेलन: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला बतौर मुख्यतिथि पहुंचे शिमला

उन्होंने कहा कि लोगों को बरगलाने के लिए कभी किसी मंत्री तो कभी किसी मंत्री के साथ फोटो अखबारों में चिपका कर जनता को गुमराह करने की कहानियों का चिरपरिचित सिलसिला सुखु ने फिर से शुरू कर दिया है, लेकिन सुखु को इतना जरूर बताना चाहिए कि नादौन में जिन दफ्तरों को खुलवाने और विकास कार्यों को करवाने की मशहूरी करते फिर रहे उन कार्यों को वो क्या रानी प्रतिभा सिंह से करवाएंगे या फिर राहुल गांधी या सोनिया गांधी से? तरुण कपिल ने सुख्खु की खिल्ली उड़ाते हुए कहा कि नादौन विधानसभा क्षेत्र में समस्त विकास कार्य मौजूदा बीजेपी सरकार में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री की कुशल रहनुमाई में अपनी मंजिल तक पहुंच रहे हैं।

नादौन में हर घर को पेयजलापूर्ति, सिंचाई सुविधाएं, बिजली, सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं सहित लोक निर्माण विभाग एवं जलशक्ति विभाग के डिवीजन जल्द खोले जाएंगे। गलोड़ के लिये कॉलेज एवं सीडी ब्लॉक की प्रमुख मांग पर सरकार जल्द एक्शन लेगी। धनेटा में उपतहसील बनाने पर भी वर्तमान भाजपा सरकार ही कार्यवाही करेगी। उन्होंने स्थानीय एमएलए सुख्खु से सवाल किया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार के समय तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से सुख्खु नादौन के लिये कोई भी नया दफ्तर और स्कीम क्यों नहीं ला पाये। उन्होंने कहा कि सुख्खु के झूठ की कलई उतर चुकी है और अब यहां की जनता और गुमराह नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि सुखु जितना झूठ फैलाएंगे चुनावों में जनता उनको उतना ही करारा जवाब देगी।