नगर निगम के विरोध में उतरे ये धर्मपुर ब्लॉक के प्रधान

सुरेंद्र सिंह साेनी। नालागढ़

प्रदेश सरकार के बीबीएन को नगर निगम बनाने के फैसले के खिलाफ धर्मपुर ब्लॉक के एक दर्जन प्रधानों ने मोर्चा खोल दिया है। ग्राम पंचायत बरोटीवाला के प्रधान राम रतन चौधरी, उपप्रधान हितेंद्र शर्मा, मधाल के प्रधान कुलतार मैहता, कालूझिंडा के देसराज चौहान, सूरजपुर के प्रधान मनमोहन पिंकी, हरिपुर संडोली के प्रधान भाग सिंह चौधरी सहित अनेक प्रधानों ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि अगर बीबीएन को नगर निगम बनाया जाता है, तो इससे क्षेत्र के लोगों को अनचाहे टैक्सों को तो भूगतान करना ही पड़ेगा, बल्कि अपने निजी कार्यों के लिए भी कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ेंगे।

इसके अलावा बाहरी राज्यों के लोग क्षेत्र की शांति को भंग करेंगे व यहां कानून व्यवस्था भी चरमरा जाएगी। उन्होंने सीधे-सीधे आरोप लगाया कि सरकार उद्योगपतियों केा फायदा पहुंचाने के लिए चोर रास्ते से बीबीएन को नगर निगम बना रही है, जबकि मंत्रीमंडल ने यह निर्णय लेने से पहले न तो स्थानीय जनप्रतिनिधियों से व न ही जनता केा पक्ष लिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम बनने बिजली व पानी के रेट महंगे हो जाएंगे व लोगों को हाउस टैक्स देना पड़ेगा। यहां कि किसानों का मुख्य रोजगार पशु पालन व नगर निगम बनने के बाद लोग पशु भी नहीं पाल सकेंगे।

उन्होंने कहा कि यहां का 85 प्रतिशत क्षेत्र ग्रामीण क्षेत्र व नगर निगम बनाने से पहले इस क्षेत्र को शहरी रूप देना जरूरी है। इसके अलावा मनरेगा के तहत मिलने वालो रोजगार खत्म हो जाएगा व आईआरडीपी के तहत मिलने वाली सुविधाएं भी खत्म हो जाएंगी। उपरोक्त प्रधानों का कहना है कि अभी तो लोग बीबीएनडीए से इतने परेशान है कि घरों के नक्शे पास करवाने के लिए कार्यालय के चक्कर काटते हुए जूते घिस जाते हैं। अगर नगर निगम बन जाता हैं, तो फिर तो लोगों की समस्याएं और भी बढ़ जाएगी। उन्हेांने कहा कि अगर बीबीएन को नगर निगम बनाया गया, तो बीबीएन क्षेत्र के लेाग इसका खुलकर विरोध करेंगे। सरकार व प्रशासन का भी घेराव करेंगे।