झंडे को लेकर हिमाचल व पंजाब में विवाद, मुख्यमंत्री बोले-प्रतिबंधित झंडों के लगाने पर की गई कार्यवाही

उज्जवल हिमाचल। शिमला

पंजाब से प्रतिबंधित झंडों के साथ हिमाचल में वाहन प्रवेश कर रहे थे। इन वाहनों में सवार युवा बेखौफ प्रतिबंधित झंडों के साथ घूम रहे थे। इन झंडों में हथियार के अलावा भिंडरावाला के फोटो भी लगे हुए थे। ऊना व मंडी में पंजाब के ऐसे वाहनों को रोका गया। पुलिस ने ऐसे चौपहिया और दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की तो विवाद बढ़ गया व पंजाब में भी हिमाचल नंबर की गाड़ियों को रोका गया। उसके बाद विवाद बढ़ गया। मामला दो दिन पहले ही सामने आया है।

पंजाब में प्रतिबंधित कुछ झंड़ों को लेकर हिमाचल आए युवाओं को लेकर जो विवाद हुआ था पंजाब के श्रद्धालुओं से उन्हें कोई आपत्ति नहीं है लेकिन वाहनों में झंडे व पोस्टर विवादित थे जो दुर्भाग्यपूर्ण है। हिमाचल की गाड़ियों को पंजाब में रोका गया इसकी भी जानकारी मांगी गई है।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि इस मामले को पंजाब सरकार के समक्ष उठाया गया है। राज्य सरकार भी पूरी तरह से गंभीर है और इस मामले पर कानून के तहत कार्रवाई करनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इसके पीछे देशविरोधी तत्वों का हाथ है और वे माहौल को खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पर पंजाब के मुख्य सचिव से बातचीत हुई है। आगे से ऐसा न हो उसको लेकर आश्वस्त किया है।