सोलन की आबादी तो धर्मशाला से ज्यादा थी : बिंदल

बिंदल ने पूछा, कांग्रेस ने क्यों नहीं बनाया नगर निगम

उज्जवल हिमाचल। नूरपुर

नगर निगम सोलन के चुनाव प्रभारी डॉ. राजीव बिंदल ने कहा है कि जब कांग्रेस धर्मशाला को नगर निगम बना सकती थी तो सोलन को क्यों नहीं बनाया, जबकि सोलन की आबादी धर्मशाला से ज्यादा थी। उन्होंने कहा कि आज से पहले अगर सोलन नगर निगम बन जाती तो आज सोलन को स्मार्ट सिटी एवं अमृत सिटी का दर्जा मिल जाता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को अपने दोषों को स्वीकार करना चाहिए , यह केवल जयराम ठाकुर की भाजपा सरकार है जिसने सोलन को नगर निगम का दर्जा दिया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय में नरेंद्र मोदी सरकार और प्रदेश में जयराम ठाकुर सरकार है और नगर निगम सोलन को ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प हमारे संकल्प पत्र द्वारा लिया गया है।

इस पत्र का एक एक बिंदु पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम सोलन में संपूर्ण विकास हेतु 200 से 250 करोड़ की आवश्यकता है जो कि केवल भाजपा पूर्ण कर सकती है कांग्रेस के पास सोलन के विकास के लिए कोई साधन नहीं है। उन्होंने कहा आज से पहले भी चाहे वह अश्वनी पेयजल योजना हो या गिरी पेयजल योजना हो भाजपा ने ही इनकी शुरुआत की थी। भाजपा ने सोलन बस अड्डे का निर्माण करवाया, कुमारहट्टी के बाईपास एवं राजगढ़ बाईपास का निर्माण भी कराया।

वही भाजपा के प्रत्याशी डॉ. राजेश कश्यप,ने बताया कि कांग्रेस बेबुनियाद बयानबाजी कर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है , पिछले 5 वर्षों में सोलन नगर परिषद द्वारा लगभग 33.75 करोड के विकास कार्य कराए गए जिसमें अधिकतम वार्डों में दो करोड़ से अधिक के कार्य कराए गए थे।