गलत बयानबाजी कर जनता को गुमराह कर रहे डॉ राजेश : बराड़

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों को देखकर प्रदेश के कांग्रेसी नेता डॉ राजेश शर्मा बौखला गए हैं तथा इसी बौखलाहट में तथ्यहीन बयानबाजी कर लोगों में हंसी का पात्र बन रहे हैं। यह बात जारी प्रेस बयान में जिला परिषद अध्यक्ष रमेश बराड़ ने कही। उन्होंने कहा कि आए दिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के खिलाफ राजेश शर्मा जो अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं, उससे बाज आएं। उन्होंने कहा कि डॉ राजेश शर्मा सुर्खियों में रहने के लिए गलत बयानबाजी कर जनता को गुमराह कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश व कांगड़ा की जनता जानती है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर क्षेत्रवाद से हटकर हर क्षेत्र में एक समान विकास करवा रहे हैं।

रमेश बराड़ ने कहा कि डॉ राजेश शर्मा यह बताएं कि उन्होंने आज तक जनता के लिए क्या किया है। उन्होंने कहा कि अगर बात कोरोना काल की बात करें, तो कांग्रेस का योगदान शून्य रहा है। लोगों को जो भी मदद पहुंचाई है, वह सिर्फ जयराम सरकार द्वारा ही पहुंचाई गई है। बराड़ ने कहा कि डॉ राजेश शर्मा ने खुद कांगड़ा के लिए क्या किया है? इस बारे में बताएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अनुभवहीन करार देना लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन है। उन्होंने कांग्रेसी नेता डॉ राजेश शर्मा को नसीहत देते हुए कहा है कि वे रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने में अपनी शक्ति का प्रयोग करें, ताकि विकास को गति मिल सके।