तिरंगे के रंग में रंगा दुबई का बुर्ज खलीफा

भारत को कोरोना के खिलाफ जंग में मिला यूएई का समर्थन

उज्जवल हिमाचल। डेस्क
कोरोना वायरस महामारी से लड़ाई लड़ रहे भारत के साथ अब यूनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) भी खड़ा हो गया है। भारत को समर्थन देने के लिए यूएई के दुबई स्थित दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा को तिरंगे के रंगों से प्रज्जवलित किया गया। रविवार रात बुर्ज खलीफा के साथ-साथ ‘आबु धाबी नेशनल ऑयल कंपन’ के मुख्यालय पर भी भारतीय झंडे को दिखाया गया। इसके साथ ही ‘भारत हिम्मत बनाए रखो’ का संदेश भी दिया गया।

बुर्ज खलीफा इमारत के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से कोरोना के खिलाफ लड़ाई में एकजुटता प्रकट करते हुए ट्वीट किया गया है। ट्वीट में लिखा गया, ‘मुसीबत की इस घड़ी में भारत और इसके लोगों को आशा, दुआएं और मदद भेजते हैं। वहीं, यूएई में मौजूद भारतीय दूतावास ने भी अपने ट्विटर हैंडल पर बुर्ज खलीफा का वीडियो शेयर किया। दूतावास ने लिखा-, ‘भारत कोविड-19 से भीषण जंग लड़ रहा है। इसके दोस्त यूएई ने इसके लिए दुआएं भेजी हैं। दुबई में मौजूद बुर्ज खलीफा को तिरंगे के रंगों से प्रज्जवलित कर समर्थन दिखाया गया है।’

भारत को दी 80 मीट्रिक टन ऑक्सीजन

कोरोना के मामलों में वृद्धि के चलते भारत की जरूरतों को देखते हुए सऊदी अरब 80 मीट्रिक टन ऑक्सीजन दे रहा है। अदाणी समूह और लिंदे कंपनी के सहयोग से यह ऑक्सीजन भारत के लिए जहाज से रवाना हो चुकी है। ऑक्सीजन की पहली खेप इस समय दम्मम से मुंद्रा के रास्ते में है। रियाद स्थित भारतीय मिशन ने ट्वीट किया, भारत की जरूरतों को देखते हुए 80 मीट्रिक टन ऑक्सीजन भेजने में अदाणी समूह और मेसर्स लिंदे के बीच सहयोग से भारतीय दूतावास गौरवान्वित है। सऊद अरब के स्वास्थ्य मंत्रालय को उनकी इस मदद, समर्थन और सहयोग के लिए हमारा हार्दिक धन्यवाद।