चौतरफा विरोध: प्रदेश में फिलहाल नहीं बनेंगे नए नगर निगम

उज्जवल हिमाचल। शिमला

चौतरफा विरोध के चलते मंडी, पालमपुर, सोलन और बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ को नगर निगम बनाने की प्रक्रिया फिलहाल रुक गई है। लोगों के विरोध के चलते इस प्रक्रिया को अभी आगे नहीं बढ़ाया जा रहा है। बताया जा रहा कि पंचायत चुनाव के बाद ही अब नए नगर निगम बनाने की प्रक्रिया शुरू होगी। अभी हिमाचल में 2 नगर निगम है। इनमें एक शिमला और दूसरा धर्मशाला है।

कई पंचायतें नहीं आना चाहती दायरे में, प्रशासन ने मांगीं थी आपत्तियां

शिमला नगर निगम अंग्रेजों के समय का बना है, जबकि धर्मशाला नगर निगम कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बना था। अब जयराम सरकार ने हिमाचल में चार और नगर निगम बनाने की पहल की है, लेकिन नगर निगमों में आसपास की पंचायतों के जुडऩे के कारण लोगों का विरोध शुरू हो गया है। नगर निगम बनाने के लिए प्रशासन ने लोगों से आपत्तियां भी मांगी थी।

नगर निगम बनाने के लिए 40 हजार की आबादी होनी आवश्यक है। जिला सोलन की आबादी निर्धारित नियम के मुताबिक है। मंडी शहर की आबादी 20 हजार के आसपास है। इसमें मंडी को नगर निगम बनाने के लिए कई पंचायतों को शामिल करना होगा।

पालमपुर में कई पंचायत इसमें शामिल होने से इन कार रही हैं। लोगों का कहना है कि यहां अधिकतर खेतीबाड़ी और कृषि से जुड़े लोग हैं इससे नगर निगम में जुडऩे से उनकी मुश्किलें बढ़ जाएंगी।