दशहरा व जन्माष्टमी महोत्सव स्व. आरके महाजन की देन : राकेश पठानिया

विनय महाजन। नूरपुर

नूरपुर के एतिहासिक किला मैदान में शुक्रवार सायं राजा साहब दशहरा उत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। समारोह में वन,  युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अजय महाजन व नगर परिषद अध्यक्ष अशोक शर्मा “शिब्बू” सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। इस मौके पर राकेश पठानिया ने क्षेत्रवासियों को दशहरे की बधाई दी। उन्होंने कहा कि नूरपुर को धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर लाने के लिए नूरपुर के जन्माष्टमी महोत्सव को राज्य स्तरीय महोत्सव का दर्जा दिया गया है।

उन्होंने कहा कि नूरपुर के दशहरे व जन्माष्टमी महोत्सव स्व. आरके महाजन की देन है। उन्होंने कहा कि किला मैदान में धार्मिक महोत्सव मनाने में कोई अड़चन न आए, इसलिए वह यह मामला केंद्र सरकार के समक्ष उठाएंगे। इस मौके पर दशहरा कमेटी के अध्यक्ष गौरव महाजन व महासचिव योगेश महाजन ने वन मंत्री राकेश पठानिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया। इस मौके पर डीएसपी सुरेंद्र शर्मा,  तहसीलदार सुरभि नेगी सहित नगर परिषद के सदस्य मौजूद रहे।