रक्त शुद्धिकरण के लिए ये खाएं

उज्जवल हिमाचल। डेस्क…

मुनक्का सेहत के लिए बहुत ज्यादा लाभकारी होती है। खासतौर पर उन लोगों के लिए जिनके शरीर में खून की कमी है। इसके साथ ही कई दूसरे रोगों को दूर करने में भी मुनक्का कारगर है। मुनक्का भी किशमिश की तरह ही अंगूर से तैयार की जाती है। यह मुख्य रूप से दो प्रकार की होती है। लाल मुनक्का और काली मुनक्का। यह एक ऐसा सूखा मेवा है, जो शरीर को ऊर्जा देने का काम करता है। जब कभी बहुत थकान लगे या एनर्जी लो फील करें तो कुछ मुनक्का खा सकते हैं।

मुनक्का का नियमित इस्तेमाल करने से रक्त साफ रहता है, फोड़े-फुंसी और पिंपल्स निकलने की समस्या नहीं होती है। साथ ही वायु-पित्त और कफ जनित रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ती है। दूध में मुनक्का पकाकर भी उस दूध का उपयोग कर सकते हैं। मुनक्का युक्त गुनगुना दूध पीने से शारीरिक और मानसिक थकान दूर होती है। शरीर ताकतवर बनता है। मुनक्का में फाइटोकेमिकल होता है, जो दांतों की सुरक्षा परत को मजबूती प्रदान करने में सहायक होता है। इस कारण मुनक्का खाने से दांतों में कीड़ा लगना, कैविटी होना या मसूड़ों संबंधी दिक्कतें नहीं हो पाती हैं।