चुनावों से पहले मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंत्रियों को दी दोटूक, सभी उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाए

उज्जवल हिमाचल। शिमला

हिमाचल प्रदेश के मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर ने चुनावी वर्ष में अपने मंत्रियों को दोटूक चेतावनी दी है। शिमला स्थित राज्य सचिवालय में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद मंत्रियों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा मंत्री अपने विभागों की उपलब्धियों को जनता में लेकर जाएं। करीब 45 मिनट तक चली मंत्रणा में उन्होंने कहा प्रत्येक मंत्री को अपने विभागों में हुए विकास कार्याें का प्रचार करना चाहिए। लोगों को पता चलना चाहिए कि हर विभाग ने आम आदमी के लिए किस तरह की योजनाएं लागू की हैं। उन योजनाओं से कितने लोगों को सीधा लाभ पहुंचा।

योजनाओं से लाभांवित होने वालों की जानकारियां सामने लानी चाहिए, ताकि उन योजनाओं से अन्य पात्र लोग भी लाभ उठा सकें। देहरादून जाने से पहले मंत्रियों के साथ चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि डिजिटल जमाने में अपने किए कार्य को दिखाने की भी जरूरत है। समाज के हर वर्ग युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों से संपर्क को अधिक बढ़ाने की आवश्यकता है। देखने में आया है कि मंत्रियों द्वारा उनके विभागों में उत्कृष्ट कार्य किए गए हैं और निरंतर किए जा रहे हैं। लेकिन, उनको जनता तक पहुंचाने के लिए मीडिया से संबंधों को बढ़ाएं। प्रदेश के कई मंत्र‍ी विवादि‍त बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं, इस पर भी सीएम ने नाराजगी जाहिर की।