करंट से झुलसे युवक को वन मंत्री ने दी आर्थिक मदद

मनीष ठाकुर। कुल्लू

कुल्लू शहर में सोमवार को लाईनों की मरम्मत के दौरान करंट से झुलसे युवक को वन, परिवहन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने आर्थिक मदद प्रदान की। इस दुर्घटना का पता चलते ही वन मंत्री क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचे और युवक के उपचार के संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र शर्मा से पूरी जानकारी ली। करंट से झुलसे सैंज घाटी के मान सिंह की हालत गंभीर होने के कारण उसे पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया गया। इस अवसर पर वन मंत्री ने मान सिंह के रिश्तेदारों को सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। गोविंद सिंह ने मौके पर ही फौरी राहत के रूप में 15 हजार रुपए और अपनी ओर से भी 25 हजार रुपए की नकद राशि प्रदान की।

वन मंत्री ने कहा कि मान सिंह के उपचार में कोई कमी नहीं रखी जाएगी और उसे फौरी राहत के अलावा अन्य आर्थिक मदद भी दी जाएगी। वन मंत्री ने कहा कि घायल युवक को पीजीआई तक पहुंचाने और वहां तुरंत उपचार सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। 108 नंबर एंबुलेंस के अलावा एक अतिरिक्त एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है और बिजली बोर्ड के अधिकारियों को साथ जाने के निर्देश दिए गए हैं।