कोर्ट के आदेशों पर नादौन के विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर एफआईआर

उज्जवल हिमाचल । नादौन

फ़र्जी शपथपत्र मामले में कोर्ट द्वारा जांच के आदेश दिए जाने के बाद कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और नादौन के मौजूदा विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू की मुश्किलें बढ़ गई हैं।  स्थानीय पुलिस ने देर शाम उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज़ कर केस की छानबीन शुरू कर दी है।

उधर, स्थानीय विधायक के खिलाफ पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज करते ही भाजपा ने कांग्रेस पर हमलावर रुख अपनाते हुए सुक्खू के इस्तीफे की मांग की है। भाजपा के मंडल अध्यक्ष ठाकुर हरदयाल सिंह, महामंत्री पवन शर्मा, राजिंदर ठाकुर, महिला मोर्चा अध्यक्षा कमलेश कुमारी, किसान मोर्चा अध्यक्ष विपन कुमार, ज़िला परिषद आशीष डोगरा, इंदु बाला, बीडीसी चेयरमैन कमल दत्त, वाइस चेयरमैन वीरेन्द्र पठानिया, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष अजय ठाकुर, रिंकू बत्ता, यशु परमार, सुखविंदर सिंह, सन्नी परमार, अंकित शर्मा, भाजयुमो अध्यक्ष जितेंद्र जिंदू, महामंत्री अक्षय शर्मा आदि ने कहा कि सुखविंद्र सिंह हमेशा से ही झूठ और छल की राजनीति करते रहे हैं।

उन्होंने जनता के बीच जनादेश लेते समय भी झूठ का सहारा लेकर लोगों को गुमराह करने का काम किया। उन्होंने कहा कि छल और फ़रेब के सहारे राजनीति करने वालों का एक दिन यही अंजाम होता है और उनका सारा कच्चा चिठ्ठा जनता के बीच खुलता है। उन्होंने तुरंत विधायक पद से इस्तीफ़ा देने को कहा है। उधर, नादौन पुलिस के थाना प्रभारी नीरज राणा ने इस बात की पुष्टि की है कि माननीय न्यायालय द्वारा स्थानीय विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू के खिलाफ झूठे हलफ़नामे की शिकायत को लेकर जांच के आदेशों पर उनके विरुद्ध जनप्रतिनिधित्व कानून के अंतर्गत एफआईआर दर्ज़ की  है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उन्हें कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।