शिमला में अग्निकांड, एक मकान के 32 कमरे जलकर राख

50 लाख रुपए से अधिक का नुकसान, कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

उज्जवल हिमाचल। शिमला

जुब्बल तहसील के अंतर्गत प्रोंठी गांव में बुधवार शाम चार मंजिला मकान आग की भेंट चढ़ गया है। अग्निकांड में 50 लाख रुपए से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। मकान में 32 कमरे थे। सभी जलकर राख हो गए। आग की घटना बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे की है। आग उस समय लगी जब घर पर कोई मौजूद नहीं था। स्थानीय लोगों ने घर से धुआं उठता देखा और इसकी सूचना अग्निशमन केंद्र को दी।

सूचना मिलने के बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंचे व राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में सहयोग दिया। इमारती लकड़ी से बना मकान देखते ही देखते आग की लपटों से घिर गया। मकान में यशवंत नेगी पुत्र रोशन लाल नेगी परिवार सहित रहते थे। उधर, अग्निशमन केंद्र रोहड़ू के प्रभारी लायक राम शर्मा ने बताया कि आग की घटना में 50 लाख रुपए से अधिक का नुकसान आंका जा रहा है। आग पर काबू पा लिया गया है।

कलोटी पंचायत के तहत महिला मंडल भटवाडी ने बाघी गांव के अग्निकांड प्रभावितों के लिए 10 हजार रुपए की सहायता राशि भेंट की है। महिला मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने यह राशि एसडीएम रोहड़ू बीआर शर्मा के माध्यम से सौंपी है। महिला मंडल भटवाडी की प्रधान कमला देवी ने बताया कि महिलाओं ने यह राशि आपसी सहयोग से एकत्र की है। एसडीएम बीआर शर्मा ने महिला मंडल की सराहना की है।