12 वर्षों की जद्दोजहद के बाद व्यापार मंडल सुंदरनगर के पंचवर्षीय चुनाव संपन्न

उमेश भारद्वाज। मंडी

व्यापार मंडल सुंदरनगर के पंचवर्षीय चुनाव रविवार को कृषि विभाग के समुदायिक भवन में कड़े पुलिस पहरे के बीच संपन्न हुए। बता दें कि व्यापार मंडल सुंदरनगर और सुकेत व्यापार मंडल की सुर्खियों में रही खिंचतान के बाद चुनाव लगभग 12 वर्षों के बाद हुए हैं। इसके साथ व्यापार मंडल सुंदरनगर में 531 व्यापारी पंजीकृत है, लेकिन मौजूदा समय में व्यापारियों की संख्या 1500 से भी अधिक है। इस अवसर पर प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष सोमेश कुमार शर्मा बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। व्यापार मंडल के चुनाव अधिकारी अदीप सोनी, सह चुनाव अधिकारी धर्मपाल अवस्थी और नवीन महाजन ने चुनावों को अपनी देखरेख में संपन्न करवाया।

  • चुनाव के दौरान मौके पर रहा कड़ा पुलिस पहरा, एसएचओ कमलकांत ने टीम सहित संभाले रखा मोर्चा
  • प्रदेश व्यापार मंडल अध्यक्ष सोमेश कुमार भी बतौर मुख्यातिथि रहे मौजूद
  • सर्वसम्मति से प्रवीण अग्रवाल के सिर सजा व्यापार मंडल के अध्यक्ष पद का ताज
  • सुकेत व्यापार मंडल के सदस्य भी चुनावी प्रक्रिया में रहे मौजूद

अध्यक्ष पद के लिए 2 उम्मीदवारों में से संदीप बैक्टर द्वारा विचार-विमर्श उपरांत अपना नाम वापस ले लिया गया। वहीं, अध्यक्ष पद के लिए बचे हुए एकमात्र उम्मीदवार प्रवीण अग्रवाल को सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद के लिए चुन लिया गया। वहीं, सुकेत व्यापार मंडल सुंदरनगर के सदस्य भी चुनाव प्रक्रिया के दौरान सभागार में ही मौजूद रहे। इस मौके पर सोमेश शर्मा ने कहा कि रविवार को व्यापार मंडल सुंदरनगर के चुनाव संपन्न हुए हैं। उन्होंने कहा कि सभी नवनियुक्त व्यापार मंडल के पदाधिकारी व्यापारियों के हितों को लेकर कार्य करें। सोमेश कुमार शर्मा ने कहा कि कोरोना काल के दौरान प्रदेश व्यापार मंडल के द्वारा कई राहत के कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सुकेत व्यापार मंडल के व्यापारी भी चुनाव प्रक्रिया में आए हैं और अब साथ मिलकर सुदृढ़ कार्यकारिणी बनाई जाएगी।

व्यापार मंडल के नवनियुक्त प्रधान प्रवीण अग्रवाल ने कहा कि उनके लिए व्यापार मंडल सुंदर नगर में बताओ प्रधान पद पर कार्य करना एक चुनौती रहेगा। उन्होंने कहा कि सभी व्यापारियों के हितों को लेकर व्यापार मंडल कार्य करेगा और जल्द ही व्यापार मंडल के अन्य व्यापारियों का पंजीकरण भी नियमानुसार किया जाएगा। इस अवसर पर नरेंद्र गोयल, कीर्ति शर्मा, सुरेश, जितेंद्र शर्मा, अनिल सूद, घनश्याम महाजन, सुकेत व्यापार मंडल के संयोजक सुरेश कौशल, नवीन महाजन सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।