किन्नौर के कई नालों में आई बाढ़, सेब के बगीचे तबाह

उज्जवल हिमाचल। किन्नौर

हिमाचल के किन्नौर जिले में आज सुबह से लगातार बारिश का दौर जारी है। ऐसे में अब जिला के नदी नाले उफान पर है। जिला में हो रही बारिश के बाद आज पूह खंड के रिब्बा व ठंगी नाले में भयंकर बाढ़ आई है। जिसने नालों के आसपास भूमि कटाव किया है। वहीं दूसरी ओर सांगला के गांगगारंग खड़ मे भी बाढ़ ने बोनिंग सारिंग नामक स्थान पर सेब के बगीचों में तबाही मचाई है। सेब के पेड़ और फ़सल को भारी नुकसान पहुंचाया है।

जिला में आज बारिश ने आफत खडी कर दी है। सुबह सबसे पहले मीरु नाले में बाढ़ ने पुराना हिंदुस्तान तिब्बत मार्ग को अवरुद्ध किया, तो सांगला के गांग गारंग खड्ड में आई भयंकर बाढ़ ने सेब के बगीचों को तबाह कर लोगो की मेहनत व वर्ष भर की आय के साधन को छीन लिया है। जिले में सेब के बागवानो को लाखों क़ा नुकसान हुआ है।

इसी प्रकार ठंगी व रिब्बा नाले में भी बाढ़ ने नाले के आसपास भयंकर भूमि कटाव कर आसपास के मकानों को खतरे की जद में ला दिया है। यदि लगातार बारिश का दौर जारी रहा तो नाले के आसपास के मकानों को भी खतरा हो सकता है।

प्रशासन की ओर से राजस्व विभाग इन सभी क्षेत्रों मे बाढ़ से हुए नुकसान के आंकलन के लिए रवाना हुआ है। लेकिन मौसम अनुकूल होने तक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों मे नुकसान क़ा आंकलन करना मुश्किल साबित हो सकता है। प्रशासन ने पर्यटको व स्थानीय लोगों को बारिश के दौरान नदी नालों के आसपास जाने से सख्त मनाही की है ताकि किसी के जानमाल क़ा नुकसान न हो।