पूर्व चेयरमैन ने मंत्री के समक्ष रखीं समस्याएं

एमसी शर्मा। नादौन

वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व चेयरमैन रघुवीर सिंह ठाकुर ने पंचायती राज व पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर से थानाकलां स्थित जलशक्ति विभाग के विश्राम गृह में मुलाकात की। उनके साथ भदरोल पंचायत की प्रधान अनीता ठाकुर, धनेटा पंचायत की प्रधान मधु बाला व हिमाचल मित्र मंडल मुंबई के तीन बार रहे अध्यक्ष शंभू रतन शास्त्री भी उपस्थित रहे। पूर्व चेयरमैन ने नादौन क्षेत्र की समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा। पंचायती राज मंत्री ने धनेटा, कांगू ,गलोड़ पशु चिकित्सालयों को जल्द से जल्द अपग्रेड कर मुख्यमंत्री से उनकी घोषणा करवाने का आश्वासन दिया तथा भदरोल पंचायत के पशु चिकित्सालय के शेष कार्य को पूर्ण कर जल्द उसका उद्घाटन करने का भरोसा दिलाया।

इसके साथ ही धनेटा के नए पंचायत भवन को 25 लाख रुपये शीघ्र जारी करने की सहमति दी। इस दौरान रघुवीर सिंह ने उनके द्वारा नादौन क्षेत्र में बांटी जा रही कोरोना से बचाव की किट मंत्री को भेंट की। वीरेंद्र कंवर ने किट की सराहना करते हुए इसे मानवता के कल्याण के लिए मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि इस महामारी के समय मे पूर्व चेयरमैन द्वारा किए गए योगदान को जनता याद रखेगी। रघुवीर सिंह ने कैबिनेट मंत्री द्वारा नादौन की समस्याओं को सुनने तथा उनका समाधान करने के लिए उनका नादौन की जनता की ओर से आभार प्रकट किया।