पूर्व CM शांता कुमार ने कंगना रनौत को लिखा पत्र, कहा- इतिहास की सबसे बड़ी कमी पूरी

उज्जवल हिमाचल। पालमपुर

पूर्व मुख्यमंत्री शान्ता कुमार ने हिमाचल प्रदेश की प्रतिभावान विख्यात बेटी कंगना रणौत को पत्र लिखकर एमरजैंसी पर फिल्म बनाने के लिए बहुत बधाई दी है। उन्होंने कहा कि स्वतन्त्र भारत के शानदार और उज्जवल इतिहास में एमरजैंसी एक बदनाम और काला अध्याय है उसे अगली पीढ़ियों तक भी याद रखा जाना चाहिए।

47 वर्ष के बाद इतिहास की इस सबसे बड़ी कमी को पूरा करने का काम कंगना रणौत कर रही है। उन्होंने कहा कि कंगना रणौत के सफल और यशस्वी जीवन में एमरजैंसी फिल्म का निमार्ण एक नया मील पत्थर होगा।

शान्ता कुमार ने कहा 1975 में न कोई विदेशी आक्रमण हुआ था न कोई भूचाल आया केवल और केवल इन्दिरा गांधी ने अपनी कुर्सी को बचाने के लिए एमरजैंसी लगाई और पूरे देश को जेल खाना बना दिया। महान देश भक्त जय प्रकाश नारायण से लेकर अटल बिहारी वाजपेयी और मोरारजी देसाई तक देश के हजारों नेता जेलों में बन्द कर दिए।

इतना ही नहीं आजादी की लड़ाई में अग्रेंज की जेल को तोड़ने वाले जय प्रकाश नारायण को देश का दुष्मन कहा गया। शान्ता कुमार ने कहा कि वे भी पूरे 19 महीने जेल में रहे और आजादी की इस दूसरी लड़ाई में शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त किया। इस शर्मनाक घटना को बीते हुए 47 लम्बे वर्ष हो गए।

किसी ने फिल्म बनाने की बात नहीं सोची। भारतीय इतिहास का यह सबसे बड़ा महत्वपूर्ण काम हिमाचल प्रदेश की बेटी कंगना रणौत कर रही है। यह सोचकर हर हिमाचलवासी का मस्तक ऊंचा होता है। उन्होंने कहा इस महत्वपूर्ण ऐतिहासिक काम में सरकार को और सभी देश भक्त शक्तियों को कंगना रणौत का सहयोग देना चाहिए। उन्होंने कंगना रणौत को बधाई और हार्दिक शुभ कामनाएं भी दी है।