कोरोना में अपने खर्च पर लोगों की मदद करने वालों को भी सम्मान दे सरकार

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा
राज्य युवा बोर्ड ने साल 2020-21 के लिए युवा संस्थाओं और नोडल क्लबों से आवेदन मांगे हैं। ये आवेदन 15 फरवरी तक बोर्ड के कार्यालय में जमा करवाने होंगे। प्रदेश में सामाजिक कार्य करने वालों को प्रोत्साहित करने के लिए यह एक सराहनीय प्रयास है। इससे समाज में अच्छा संदेश जाएगा,लेकिन बोर्ड और प्रदेश सरकार को चाहिए कि इसमें व्यक्तिगत तौर पर काम करने वाले लोगों को भी शामिल किया जाए। प्रदेश में कोरोना काल के दौरान कई ऐसे लोग रहे हैं,जिन्होंने अपने खर्च पर जान को जोखिम में डालकर काम करते हैं। ये वे समाजसेवी हैं,जिन्होंने मास्क,सेनेटाइजर और राशन बांटने में कोई कसर नहीं रखी है। इन्होंने कई लोगों को परदेश से घर लौटने के लिए अपनी तरफ से पैसे जुटाए, कइयों को अस्पताल भी पहुंचाया। जब समाज में कोरोना को लेेकर बेहद डर का आलम था, उस समय अपनी जान की परवाह किए बगैर ऐसे समाजसेवी आमजन को कोरोना के प्रति जागरूक करते हुए उनका महामारी से लडऩे के लिए हौसला बढ़ाते रहे। इन लोगों को भी प्रोत्साहन मिलना चाहिए। ऐसे समाजसेवी अपनी नेक कमाई को खर्च करने में कभी भी पीछे नहीं रहे। प्रदेश सरकार को चाहिए कि गांव स्तर पर ऐसे स्वयंसेवियों की खोज करके इन्हें भी सम्मानित किया जाए। ऐसा करने से जहां समाज को नेक काम करने की प्रेरणा मिलेगी,वहीं आने वाले समय में आपदाओं के लिए एक बड़ा बैकअप प्रदेश सरकार के पास रहेगा। खास बात यह भी है कि व्यक्तिगत तौर पर काम करने वाले लोगों की तलाश करना भी बेहद आसान है। पंचायत स्तर पर संबंधित प्रधान या वार्ड मेंबर इस बारे में सूचना दे सकते हैं। इसके अलावा क्षेत्र के नंबरदार भी ऐसे लोगों का आंकड़ा दे सकते हैं। अगर सही मायनों में प्रदेश की जयराम ठाकुर सरकार ऐसा करती है,तो सही मायनों में नए भारत का सपना साकार होगा।

जय हिंद, जय भारत

लेखक: अनूप कुमार
                                                                                  पंचायत अनसोली, तहसील एवं जिला कांगड़ा