लश्कर को गोपनीय दस्तावेज ‘लीक’ करने के आरोपी IPS नेगी पर आज फैसला लेगी सरकार

उज्जवल हिमाचल। शिमला

लश्कर को सूचनाएं लीक करने के आरोप में गिरफ्तार आइपीएस अधिकारी अरविंद दिग्विजय नेगी के मामले की फाइल राज्य सरकार को भेज दी है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने उसे शुक्रवार 3.40 बजे गिरफ्तार किया था। इसकी जानकारी प्रदेश पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध करवा दी है। इस आधार पर अरविंद को जांच एजेंसी की हिरासत में रविवार को 3.40 बजे 48 घंटे पूरे होंगे। 48 घंटे तक जांच एजेंसी की हिरासत में रहने पर ही डिम्ड सस्पेंशन के आदेश जारी होंगे। यह आदेश हिमाचल के गृह विभाग द्वारा जारी होगा। प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने उसकी गिरफ्तारी से संबंधित सारी सूचना प्रदेश सरकार को भेज दी है, जिससे सरकार निर्णय ले सके।

प्रदेश सरकार की ओर से आज शाम आइपीएस अफसर पर कार्रवाई तय मानी जा रही है। आइपीएस अफसर पर संगीन आरोप है। ऐसे में अब उनकी मुश्किलें आसान होने वाली नहीं हैं। एनआइए के अधिकारी मामले की तय तक जांच कर रहे हैं।

2001 में फर्जी बुलेट रिकवरी दिखा फंसाया

प्रदेश पुलिस कर्मचारी कल्याण संघ के अध्यक्ष रमेश चौहान ने कहा कि अरविंद दिग्विजय नेगी ने 2001 में डीएसपी मुख्यालय शिमला रहते हुए उनके सरकारी आवास का ताला तोड़ फर्जी बुलेट रिकवरी का मामला बनाया था। इसमें कई और अधिकारी भी शामिल थे। इस संबंध में 2013 में थाना छोटा शिमला में घटना के करीब 12 वर्ष बाद उनके साथ अन्यों पर मामला भी दर्ज हुआ था। अब भी यह मामला सीजेएम शिमला व कोर्ट नंबर चार में विचाराधीन है।