पंजाब विधानसभा चुनाव: अलर्ट पर हिमाचल पुलिस, बॉर्डर एरिया का DIG व SP ने किया निरीक्षण

विनय महाजन। नूरपुर

पंजाब में विधानसभा चुनाव के कारण हिमाचल में भी पुलिस सतर्क है। हिमाचल पुलिस ने नूरपुर, जवाली में पंजाब से सटी सीमा में नाके लगाए हैं। इन नाकों का उत्‍तरी क्षेत्र की डीआइजी सुमेदा द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक कांगड़ा डाक्‍टर खुशहाल शर्मा ने रात को औचक निरीक्षण किया। डीआइजी सुमेदा द्विवेदी खुद सीमा पर नजर रखी। साथ में पुलिस अधीक्षक भी मौजूद रहे। किसी तरह की कोई अप्रिय घटना न हो। इसके लिए पुलिस सतर्क है और नाकों पर पुलिस सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी चौकसी बरत रहे हैं।

बताया जा रहा है पंजाब में विधानसभा के लिए चल रहे चुनाव के मद्देनजर नूरपुर, जवाली और देहरा के पुलिस उपमंडल में पंजाब बार्डर पर कांगड़ा पुलिस ने आपरेशन नाइट चलाया है। डीआइजी ने नूरपुर उपमंडल में अंतर-राज्यीय नाकों की जांच की। बीती रात पुलिस अधीक्षक डाक्‍टर खुशहाल शर्मा, सुरिंदर शर्मा डीएसपी नूरपुर, मनीष डढवाल डीएसपी और नूरपुर, डमटाल और इंदौरा के एसएचओ साथ रहे। आज हो रहे पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर डीआइजी उत्‍तरी क्षेत्र बीते कल सुबह से नूरपुर में हैं। पुलिस अधीक्षक कांगड़ा भी बीती शाम से यहां हैं। सीमाओं पर स्थिति शांतिपूर्ण है।

पुलिस अधीक्षक डा. खुशहाल शर्मा ने बताया पुलिस सीमा पर चौकसी बरती जा रही है। कांगड़ा हिमाचल पुलिस सतर्क है। नाके जांचे जा रहे हैं। रात को डीआइजी उत्‍तरी क्षेत्र सुमेधा द्विवेदी ने नाकों का औचक निरीक्षण किया है। पुलिस टीम को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।