सरकार की योजनाओं से मिला गरीब-मजदूरों को लाभ : विशाल

उज्जवल हिमाचल ब्यूरो। धर्मशाला

भारतीय जनता पार्टी की हिमाचल प्रदेश में सरकार के तीन साल के सफल कार्यकाल पर सुशासन और विकास के तीन साल विकास के कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम के तहत विधान सभा क्षेत्र धर्मशाला में पांच स्थानों पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता और जनता जुड़ीं। धर्मशाला के विधायक विशाल नैहरिया ने योल, जबकि भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल चौधरी ने मंदल, भागसू नाग में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष दिनेश कपूर, कोतवाली बाजार में भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा और उपायुक्त कार्यालय परिसर भाजपा मंडल धर्मशाला महामंत्री राजेश वर्मा की मौजूदगी में कार्यक्रम हुआ।

कार्यक्रम में रक्षा मंत्री भारत सरकार राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने ऑडियो संदेश के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।


विधायक विशाल नैहरिया ने योल में जहां पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता के साथ कार्यक्रम में उपस्थित रहे। इस दौरान विधायक ने जनता की समस्याएं भी सुनीं। विधायक विशाल नैहरिया ने कहा कि प्रदेश की जनता के लिए भाजपा ने तीन साल सुशासन और विकास के दिए हैं। प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश के गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग के लोगों को खासा लाभ मिला है।

कोविड-19 महामारी से जूझने के एक माह बाद विधायक विशाल नैहरिया ने जीवन में 29 वीं बार रक्तदान किया। गुरुद्वारा सिंह सभा योल ने गुरु गोविंद सिंह के चार साहिबजादों की शहादत पर 25 से 31 दिसंबर तक संकीर्तन का आयोजन कर रही है। इसी कड़ी में वीरवार को सभा ने गुरुद्वारा में रक्तदान का आयोजन किया। कार्यक्रम में शामिल विधायक विशाल नैहरिया ने भी रक्तदान कर युवाओं को रक्तदान का संदेश दिया।