गोविंद ठाकुर ने किया रथ मैदान से लोअर ढालपुर सब-वे का भूमि पूजन

मनीष ठाकुर। कुल्लू

वन, परिवहन व युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कुल्लू के रथ मैदान से लोअर ढालपुर के लिए भूमिगत रास्ते के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। नगर परिषद द्वारा निर्मित किए जा रहे इस पथ के निर्माण पर 55 लाख रूपये की लागत आएगी। गोविंद ठाकुर ने कहा कि मुख्य सड़क के नीचे से निर्मित किए जाने वाले इस पथ के लिए लंबे समय से लोगों की मांग थी, जो जल्द ही पूरी होने जा रही है। वाहनों की बड़ी संख्या में आवाजाही के चलते राहगिरों के लिए सड़क को पार करने के लिए मिनटों तक खड़े रहना पड़ता है और वाहनों से जान का खतरा भी बना रहता है।

उन्होंने कहा कि लोअर ढालपुर व्यस्त बाजार होने के कारण यहां बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। इसके अलावा मुख्य बस अड्डे के लिए भी यहीं से रास्ता होने के कारण लोगों की अधिकता रहना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि भूमिगत पथ के बनने से यातायात के जाम से भी निजात मिलेगी। साथ ही लोगों को सुरक्षित आने-जाने की सुविधा होगी। परिवहन मंत्री ने कहा कि जिला में अधिकांश मुख्य निर्माणों पर कार्य शुरू कर दिए गए हैं।

फोर-लेन का कार्य भी सुचारू ढंग से चल रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ कार्यों के लिए मजदूरों की कमी को लेकर ठेकेदारों को दिक्कत आ रही है, लेकिन जल्द ही इस समस्या का भी समाधान कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाहर से मजदूरों की व्यवस्था की जा रही है। बहुत से मजदूर अपने घरों को चले गए हैं और जल्द ही लौट जाएंगे। हालांकि जरूरी निर्माण कार्यों में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं आने दिया जाएगा और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए गए हैं।