SC वर्ग को आज तक ठगती आई कांग्रेस, वोट की राजनीति तक रही सीमित: राजिंद्र गर्ग

सुरेंद्र जम्वाल। बिलासपुर

अनुसूचित जाति मोर्चा घुमारवीं भाजपा का सम्मेलन शनिवार को संतोषी माता मंदिर हारकुकार में हुआ। सम्मेलन में एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नितेन कुमार ने बतौर मुख्यातिथि तथा प्रदेश सरकार में खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने विशेष रूप से शिरकत की। सम्मेलन में खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग व मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नितेन कुमार ने उपस्थित कार्यकर्ताओं में जोश भरा तथा भाजपा सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी नीतियों को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया।

सम्मेलन में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हए खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कहा कि कांग्रेस ने आज तक अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को ठगा है। इनको केवल वोटों की राजनीति तक ही सीमित रखा है। इस वर्ग के कल्याण के लिए कांग्रेस ने कोई भी नीति नहीं बनाई है। केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद इस वर्ग के उत्थान के लिए भाजपा सरकार ने कई कल्याणकारी योजनाएं चलाकर इस वर्ग के लोगों को लाभान्वित किया है।

उन्होंने कहा कि जनकल्याण के लिए भाजपा सरकार ने कई योजनाओं को शुरू कर रखा है। आज एससी वर्ग के लोग कांग्रेस के झूठे जाल में फंसने वाले नहीं है। वह अपने विवेक व विकास कार्यों को देखकर अपना मत भाजपा के पक्ष में दे रहे हैं। जिसके कारण केंद्र में भाजपा सरकार दूसरी बार तथा कई राज्यों में लगातार रिपीट हुई है।

हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा की सरकार रिपीट कर रही है। गर्ग ने कहा कि प्रदेश की जयराम सरकार ने कई जनहितैषी योजनाओं को धरातल पर उतारा है। घुमारवीं चुनाव क्षेत्र का चहुंमुखी विकास किया जा रहा है। लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयासरत है। विधानसभा क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाया गया है। बिजली, पानी व स्वास्थ्य सहित शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है।

इस मौके पर एससी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष नितेन कुमार ने कहा कि अंग्रेजों से लेकर कांग्रेस ने परिवारवाद तथा रजवाडाशाही को ही बढ़ावा दिया। लेकिन, भाजपा ने इस परंपरा को बदला। आज राजा का बेटा राजा नहीं, बल्कि इस पार्टी में काम करने वाले व्यक्ति को मान दिया जाता है। फर्क साफ है कि हिमाचल प्रदेश में आज भी रजवाडाशाही को ही बढ़ावा दिया जा रहा है। इस परंपरा को बढ़ाते हुए कांग्रेस ने रजवाडाशाही से ही प्रदेशाध्यक्ष बनाया है, जबकि भाजपा ने एक आम व्यक्ति को इस कुर्सी पर विराजमान किया है।

उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का अनुसूचित वर्ग के लोगों का बैंक लोन के लिए वन टाइम सेटलमेंट करके बड़े लोन ब्याज तथा 50 हजार तक का लोन का माफ करने सहित 1974 के बाद गरीब वर्ग का शहरों में दो बिस्वा तक के जमीन के कब्जे को बहाल करने के फैसले को एक ऐतिहासिक कदम बताया है।

इस मौके पर भाजपा की नीतियों व खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग की कार्यशैली से प्रभावित होकर इस वर्ग के अनेक लोगों ने भाजपा का दामन थामा। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष कृष्ण लाल चंदेल, महामंत्री अमरनाथ धीमान, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश ठाकुर, महामंत्री राजेश शर्मा, एससी मोर्चा के अध्यक्ष धनी राम सौंखला तथा महासचिव हेमराज, जोगेंद्र व सचिव जीत राम सहित सम्मेलन में करीब 500 लोग उपस्थित रहे।