पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में खाई में गिरा टैंपो, 3 घायल

उज्जवल हिमाचल। चंबा 

हिमाचल में आए दिन नये नये हादसे सामने आ रहे हैं। हादसों का दौर खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहे। भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर मैहला के पास टेंपो दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है।

घायलों की पहचान संजीव कुमार पुत्र रघुनाथ निवासी सुल्तानपुर और विपिन पुत्र रत्न चंद निवासी गांव एवं डाकघर मंगला के रूप में हुई है। दोनों टेंपो में सवार होकर वीरवार शाम के समय बग्गा से वापस चंबा लौट रहे थे। मैहला के पास अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे और टेंपो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे के बाद वहां आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को खाई से निकाला और उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस अध्यक्ष अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।