अहमद पटेल के निधन से दुखी हिमाचल कांग्रेस, 3 दिन तक सभी कार्यक्रम रद्द

राठौर सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने अर्पित किए श्रद्धा सुमन

उज्जवल हिमाचल। शिमला

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल के निधन पर पूरे देश के साथ हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी में भी शोक की लहर है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में शोक सभा का आयोजन किया, जिसमें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए तथा अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। राठौर ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार अगले तीन दिनों तक पार्टी शोक मनाएगी जिसके चलते अगले तीन दिनों तक सभी कार्यक्रमों को रद्द किया गया है।

  • पार्टी ने खोया बड़ा नेता, खलेगी कमी: राठौर

इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी के लिए बहुत दुखद दिन है। आज कांग्रेस पार्टी ने एक बहुत बड़े नेता को खोया है जोकि लंबे समय से कोरोना से जूझ रहे थे। इनकी क्षति पार्टी में सदैव खलती रहेगी। कांग्रेस वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने अपना राजनीतिक जीवन युवा कांग्रेस से प्रारंभ किया था तथा उन्होंने स्वर्गीय इंदिरा गांधी, स्वर्गीय राजीव गांधी, स्वर्गीय नरसिम्हा राव के साथ काम किया था तथा 17 साल यह सोनिया गांधी के राजनीतिक सचिव के रूप में काम किया तथा अभी वह बतौर कोषाध्यक्ष के रूप में पार्टी में काम कर रहे थे। उनकी मौत से जो पार्टी के भीतर शून्य की स्थिति उत्पन्न हुई है उसे पूरा करना बहुत ही कठिन है। इस दुख की घड़ी में कांग्रेस पार्टी उनके परिवार के साथ अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता है तथा कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।