वंशवाद के झूले में पल रही और जमानत की सांस में जी रही कांग्रेस पार्टी अपनी भाषा पर संयम रखे: त्रिलोक कपूर

उज्जवल हिमाचल। धर्मशाला

वंशवाद के झूले में पल रही और जमानत की सांस में जी रही कांग्रेस पार्टी अपनी भाषा पर संयम रखे उक्त शब्द भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं कांगड़ा चंबा संसदीय क्षेत्र के प्रभारी त्रिलोक कपूर ने संगठनात्मक जिला कांगड़ा की बैठक उपरांत आयोजित एक प्रेस वार्ता में संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

कपूर ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से जिस प्रकार कांग्रेस पार्टी व उनके नेता जिस अभद्र भाषा में प्रदेश के मुख्यमंत्री के ईमानदार नेतृत्व पर मात्र समाचार पत्रों की सुर्खियों में बने रहने के लिए बयान बाजी कर रहे हैं यह बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। कपूर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस नेताओं की भाषा व व्यवहार संजय राउत से बिल्कुल मिलता जुलता है और जिस तरह संजय राउत और उनकी पार्टी का हाल हुआ है वहीं, आंतरिक स्थिति हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की है।

भाजपा नेता कपूर ने कहा कि वास्तव में कांग्रेस पार्टी हिमाचल प्रदेश में अंतिम सांस की लड़ाई लड़ रही है और इस प्रकार की अभद्र भाषा उनकी बौखलाहट को दर्शाती है। भाजपा नेता ने कहा कि यह प्रदेश जानता है कि देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश ने कांग्रेस पार्टी से जुड़े जवाहरलाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी जैसे कांग्रेस के बड़े नेताओं को प्रधानमंत्री के रूप में नेतृत्व करने का अवसर दिया उसी ही तरह उत्तर प्रदेश राज्य से कांग्रेस भारत मुक्त अभियान शुरू हुआ और जो इस अभियान ने गति पकड़ी है उसका समापन समारोप अगले वर्ष नवंबर में छत्तीसगढ़ और राजस्थान के होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी का होना निश्चित है। अर्थात 2023 के में कांग्रेस पूरे भारतवर्ष के हर राज्य से पूरी तरह समाप्त हो जाएगी।

भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर ने कहा कि इसके बावजूद हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस नेता अभी भी बहुत बड़ी गलतफहमी में जी रहे हैं कि हिमाचल में सरकार बदलने का रिवाज है उन्होंने कहा रिवाज था। लेकिन इस बार हिमाचल प्रदेश की जनता यह निर्णय कर चुकी है कि न राज बदलेगा न ताज बदलेगा बल्कि इस बार रिवाज बदलेगा।

उन्होंने कहा कि इस बार हिमाचल प्रदेश में राजनीतिक परिस्थितियां बिल्कुल भिन्न हैं क्योंकि आज विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा हिमाचल प्रदेश से हैं। नड्डा राजनीतिक बंश से नहीं बल्कि एक सामान्य परिवार से अपने तप और तपस्या से निकले हुए पार्टी के एक कार्यकर्ता, संगठन के इस सर्वोच्च मुकाम पर कुशलतापूर्वक नेतृत्व कर रहे हैं।

दूसरा हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का इमानदारी सुशासन भरा कार्यकाल और तीसरा मोदी कैबिनेट में अनुराग ठाकुर का शानदार मजबूत प्रतिनिधित्व है, इस प्रकार का यह त्रिदेव संयोग हिमाचल प्रदेश के विकास में गति देने की एक बहुत बड़ी ताकत ही नहीं बल्कि हर प्रदेश वासी के दिलों में रचा बसा एक आत्मविश्वास भी बन चुका है।

कपूर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोग यह जानते हैं कि नवंबर में हिमाचल प्रदेश व गुजरात राज्य के एक साथ विधानसभा चुनाव निश्चित हैं और यह भी एक संयोग है कि सरकार के मुखिया और परिवार के मुखिया के दोनों राज्य हैं। जिस तरह सरकार के मुखिया के प्रति गुजरात की जनता का एक अटूट विश्वास पिछले लंबे समय से बना हुआ है उसी प्रकार देव भूमि हिमाचल की जनता भी अपने परिवार के मुखिया जगत प्रकाश नड्डा को अपना पूर्ण आशीर्वाद देने के लिए पूरी तरह आतुर है।

भाजपा नेता कपूर ने कांग्रेस अध्यक्षा प्रतिभा सिंह के उस बयान पर आश्चर्य प्रकट करते हुए कहा कि जयराम ठाकुर अपने कार्यकाल के चार काम बताएं पर चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्षा जी 4 काम तो छोड़ो 40 से बड़ी योजनाएं गिना देंगे। क्योंकि जयराम सरकार का हर दिन पूरी तरह जनता की सेवा के प्रति समर्पित रहा है। लेकिन कांग्रेस के पिछले कार्यकाल में हुए 4 कामों को प्रदेश की जनता अभी तक नहीं भूली है।

क्या यह सच नहीं है कि कांग्रेस कार्यकाल में नोटों से भरे अटैची मुख्यमंत्री कार्यालय में अक्सर नजर आते रहते थे। दूसरा कांग्रेस कार्यकाल में सेब ट्रकों में नहीं स्कूटर में उठाए जाते रहे हैं। तीसरा कांग्रेस पार्टी का समूचा कार्यकाल जनता की सेवा में नहीं बल्कि कोर्ट कचहरी में ही उलझा रहा है और चौथा हेलीकॉप्टर का दुरुपयोग प्रदेश के विकास के लिए नहीं बल्कि दिल्ली में न्यायालयों की बार-बार पेशियों में उपयोग होता रहा है।

उन्होंने कांग्रेस पार्टी के नेताओं को यह स्पष्ट करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि है, वीरभूमि है और ज्ञानवान भूमि है। इसलिए हिमाचल प्रदेश के लोग आने वाले विधानसभा चुनाव में उसी ही दल का समर्थन करेंगे, जिस दल की सरकार केंद्र में है।