जोगिंद्रनगर में सोने के आभूषणों की सफाई के नाम पर ठगी महिलाएं, चांदी के गहनों पर किया हाथ साफ

जतिन लटावा। जोगिंद्रनगर

मंडी जिला के जोगिंद्रनगर में सोनें के गहनों की सफाई के नाम पर बाहरी राज्य की महिलाओं ने उपमंडल की करीब दस महिलाओं से ठगी कर उनके बर्तन और गहनों पर हाथ साफ कर दिया है। 6 महिलाओं पर ठगी के आरोप लगे हैं। कुछ मामलों में पुलिस थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज हुई है।

जोगिंद्रनगर शहर के नजदीकी गांव जलपेहड़, दारट बगला में महिलाएं अधिक ठगी का शिकार हुई हैं। अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार शातिर ठग महिलाओं ने गांव की भोली भाली महिलाओं को पहले पुराने बर्तन के बदले नए चमचमाते बर्तन देकर अपने झांसे में लिया। चांदी के गहने भी साफ सुथरे कर वापिस कर दिए।

ग्रामीण महिलाओं का विश्वास जीत कर सोने के आभूषण सफाई के लिए दे दिए और लाखों रूपये की ठगी कर अब क्षेत्र से फरार हो चुकी हैं। करीब दस महिलाओं से ठगी की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस थाने में अभी तक एक ही शिकायत पत्र जलपेहड़ गांव से पहुंचा है।

जोगिंद्रनगर में दस दिन से सक्रीय था महिलाओं का ठग गिरोह

उपमंडल जोगिंद्रनगर में सोने, चांदी और बर्तनों पर हाथ साफ करने वाले महिलाओं का ठग गिरोह बीते दस दिनों से सक्रीय था। जिसकी भनक पुलिस के खुफिया विभाग को भी नहीं लगी। अब मामला पुलिस थाने की चैखट में पहुंचा है तो पुलिस की टीमें भी हरकत में आकर शहर की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। क्षेत्र में झुगी झौंपड़ियों में रह रही महिलाओं से भी पुलिस ने पूछताछ की है।

कुछ संदिग्ध महिलाओं के स्कैच भी पुलिस के हाथ चढ़े हैं जिसके आधार पर प्रदेश भर की पुलिस को इस ठगी की सूचना दी गई है। थाना प्रभारी प्रीतम जरियाल ने बताया कि ठगी का शिकार हुई जलपेहड़ गांव की एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने ठग गिरोह की धरपकड़ शुरू की है। ग्रामीणों से पूछताछ कर सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है बताया कि जल्द ही पुलिस इस मामले को सुलझा लेगी।

शातिर महिलाओं ने ऐसे दिया ठगी को अंजाम

जोगिंद्रनगर उपमंडल में शातिर महिलाओं के गिरोह ने ग्रामीण क्षेत्र की भोली भाली महिलाओं को नकद राशि के साथ पहले उपहार भी भेंट किए। एक मामले में चांदी के आभूषण साफ कर तय समय पर लौटा भी दिए। जलपेहड़ गांव की महिलाओं का बालियां सफाई के ली लेकिन जब चार दिन तक शातिर महिलाएं आभूषण लेकर वापिस नहीं आई तो पुलिस थाने में शिकायत लेकर महिलाएं पहुंची।

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार शातिर ठग गिरोह की महिलाओं ने कबाड़ हो चुके बर्तनों के बदले में भी चमचमाते स्टील के बर्तन मुफत में दे दिए और सोने, चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर अब यहां से रफू चक्कर हो गई हैं। पुलिस के डीएसपी लोकेंद्र नेगी ने बताया कि पुलिस इस मामले में गहनता से जांच कर रही है। प्रदेश भर की पुलिस को भी अलर्ट कर संदिग्ध महिलाओं की तस्वीरें भेजी हैं।