केंद्र सरकार के शीर्ष नेताओं को हिमाचल बुलाकर अपनी नाकामियों पर पर्दा डालने का प्रयास कर रहे जयरामः प्रतिभा

जतिन लटावा। जोगिंद्रनगर

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने मंडी जिला के जोगिंद्रनगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि जिस उत्साह के साथ लोकसभा चुनावों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुटता के साथ कांग्रेस प्रत्याशियों को प्रचंड बहुमत दिलाया। उसी जोश के साथ विधानसभा चुनावों में भी कार्यकर्ता पार्टी हित में काम करेंगे तो प्रदेश में कांग्रेस सरकार पूर्ण बहुमत के साथ स्थापित होगी।

उन्होंने विधानसभा क्षेत्र जोगिंद्रनगर के सभी दिग्गज कांग्रेस नेताओं को कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करने का आह्वान किया साथ ही प्रदेश भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार कर्ज लेकर सरकार प्रदेश की आर्थिक स्थिति को खतरे में डाल रही है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का चार साल का कार्यकाल निराशाजनक रहा और अब केंद्र सरकार के शीर्ष नेताओं को हिमाचल में बुलाकर अपनी नाकामियों पर पर्दा डालने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हिमाचल प्रवास कार्यक्रम में कोई भी बड़ी घोषणा प्रदेशवासियों को न देने पर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकारी कर्मचारियों की भी आवाज दबाने में भाजपा सरकार आए दिन नए-नए हथकंडे इस्तेमाल कर रही है।