विश्व स्वास्थ्य दिवस पर बहुतकनीकी संस्थान कांगड़ा में मनाया गया योग अमृत महोत्सव

अंकित वालिया। कांगड़ा

भारत में आज विश्व स्वास्थ्य दिवस के मौके पर आयुष मंत्रालय द्वारा योग अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में वन मंत्री राकेश पठानिया ने कांगड़ा के बहुतकनीकी संस्थान में विशेष ओलंपिक भारत के तत्वाधान में विश्व स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष पर आयोजित योग अमृत महोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा की ये देश में पहली बार हो रहा है जब इतनी बड़ी संख्या में दिव्यांग बच्चों द्वारा विश्व रिकॉर्ड बनाया जा रहा है और यह कदम सच में प्रशंसा के योग्य है। सभी क्षेत्रों में दिव्यांग बच्चों द्वारा ठीक 11:00 बजे यह विश्व रिकॉर्ड मिलकर बनाया गया।

इस दौरान दिव्यांग बच्चों के लिए खेल का मैदान बनाने की मांग को लेकर उन्होंने कहा कि कैबिनेट की आज की मीटिंग पूरी होने के बाद वह अपने सलाहकारों से इस बारे में बात करेंगे यदि कांगड़ा में कहीं पर खाली जमीन मौजूद हुई तो दिव्यांग बच्चों के लिए भी कांगड़ा में खेल का मैदान बनाया जा सकेगा, जिससे दिव्यांग बच्चों को भी राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक की तैयारी करने का मौका मिलेगा। जिसके लिए अभी कांगड़ा वासियों को थोड़ा और इंतजार करना होगा।

वहीं, पठानिया ने कहा कि आज देशभर में आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर एक साथ 75 शहरों में करीब 75000 दिव्यांग बच्चों को स्वास्थ्य लाभ देने का प्रयास किया गया। इस दौरान दिव्यांग बच्चों के स्वास्थ्य की फ्री जांच विभिन्न डॉक्टरों की टीम ने मौके पर की। कार्यक्रम में मौजूद तमाम खास मेहमानों, डॉक्टरों की टीम को बहुतकनीकी संस्थान के बच्चों द्वारा बनाए गए सुंदर गणपति की भेंट देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियां विभिन्न देशभक्ति गीत गाकर, नृत्य कर के दी। इस तरह के कार्यक्रमों के द्वारा दिव्यांग बच्चों को बेहतरीन प्रदर्शन करने का अवसर मिलता है। इस दौरान वन मंत्री के साथ वुडन फेडरेशन हिमाचल प्रदेश के चेयरमैन त्रिलोक कपूर व एसडीएम कांगड़ा अरुण कुमार शर्मा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।