बर्फ में दबी जयपुर की आकांक्षा को 3 घंटे में किया रेस्क्यू, अस्पताल ले जाते वक्त तोड़ा दम

उमेश भारद्वाज। लाहौल स्पीति

लाहौल स्पीति जिला के कोकसर में राजस्थान की राजधानी जयपुर की एक महिला पर्यटक हिमस्खलन प्रॉन क्षेत्र में पैर फिसलने से खाई में जा गिरी। सूचना मिलते ही प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और करीब तीन घंटे में उसे बर्फ के नीचे से निकाला। नाजुक हालत में अस्पताल ले जाते समय महिला पर्यटक की मौत हो गई।लाहौल-स्पीति प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस चेक पोस्ट सिस्सू को रविवार शाम 5:00 बजे घटना की सूचना मिली।

जयपुर की रहने वाली आकांक्षा (24) कोकसर के पास प्राकृतिक झरने के साथ लगते हिमस्खलन प्रॉन क्षेत्र में पैर फिसलने से गहरी खाई में गिर गई। महिला खाई में गिरने के बाद बर्फ के नीचे दब गई। प्रशासन ने सूचना मिलते ही आईटीबीपी कारगा, पुलिस, अग्निशमन, स्थानीय लोगों की टीम बनाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

टीम को रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा करने में काफी मुश्किल का सामना करना पड़ा। कलेक्टर नीरज कुमार ने बताया कि प्रशासन के पास जैसे ही सूचना मिली, रेस्क्यू कार्य शुरू कर दिया। करीब 3 घंटे बाद महिला को खाई से निकाला गया। आकांक्षा की गंभीर हालत को देखते हुए मनाली शिफ्ट किया जा रहा था। रास्ते में ही महिला पर्यटक की मौत हो गई।