युवा पीढ़ी हमारे देश का भविष्य, अपनी शक्ति और सामर्थ्य से राष्ट्र निर्माण में दे रही महत्वपूर्ण योगदान: रमेश बराड़

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल कांगड़ा में रविवार को 17 व 18 अप्रैल तक चलने वाली दो दिवसीय भाजपा अभ्यास कार्यशाला का आयोजन हुआ। जिसमें जिला परिषद अध्यक्ष रमेश बराड़ ने मुख्य अतिथि के रुप में शिरकत की । इस अभ्यास कार्यक्रम में युवा मोर्चा के विभिन्न दायित्वों और युवा मोर्चा के कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

इस दौरान रमेश बराड़ ने कहा कि हमेशा जोश और जुनून से सराबोर रहने वाली युवा पीढ़ी देश का भविष्य होती हैं। आंखों में उम्मीद के सपने, नयी उड़ान भरता हुआ मन, कुछ कर दिखाने का दमखम और दुनिया को अपनी मुठ्ठी में करने का साहस, हरदम कुछ नया कर गुजरने की चाहत, नित नई-नई चुनौतियों का सामना करने तैयार रहना और जो एक बार करने की ठान लें तो लाख मुश्किलें भी उसको बदल न पाएं। देश की युवा शक्ति ही समाज और देश को नई दिशा देने का सबसे बड़ा औजार है।

वहीं, रमेश बराड़ ने कहा कि वह अगर चाहे तो इस देश की सारी रूप-रेखा बदल सकती है। अपने हौसले और जज्बे से समाज में फैली विसंगतियों, असमानता, अशिक्षा, अपराध आदि बुराइयों को जड़ से उखाड़ फेंक सकती है। युवा शब्द ही मन में उडान और उमंग पैदा करता है। उम्र का यही वह दौर है जब न केवल उस युवा के बल्कि उसके राष्ट्र का भविष्य तय किया जा सकता है। आज के भारत को युवा भारत कहा जाता है क्योंकि हमारे देश में असम्भव को संभव में बदलने वाले युवाओं की संख्या सर्वाधिक है। आज के युवा को अपनी उन्नति और प्रगति के साथ इस भारत का नक्शा बदलने का संकल्प लेना होगा तभी यह भारत दुनिया का सिरमौर बन सकेगा।

इस अवसर पर रमेश बराड़ के साथ प्रदेश युवा मोर्चा के अध्यक्ष अमित ठाकुर, युवा मोर्चा मंडलाध्यक्ष सत्त प्रकाश सोनी, युवा मोर्चा जिला महांमंत्री मनप्रीत व कई युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।