प्रतिभा सिंह के विवादास्पद बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में मचा घमासान

उमेश भारद्वाज। मंडी

प्रदेश की राजधानी शिमला में घटित गुड़िया दुष्कर्म और हत्या मामले ने पूरे देश सहित प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था। इस मामले के कारण वर्ष 2017 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार को भी सत्ता से बाहर का रास्ता देखना पड़ा था। इस घटना को प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं मंडी सांसद प्रतिभा सिंह द्वारा एक मामूली घटना करार देने के विवादास्पद बयान के बाद सूबे की राजनीति में बड़ा भूचाल आ गया है।

प्रदेश के लाहौल-स्पीति में प्रतिभा सिंह द्वारा दिए गए बयान को लेकर हमलावर हुई भाजपा को चारों ओर घिरता देख अब टक्कर देने के लिए उनके पुत्र एवं शिमला ग्रामीण विधायक विक्रमादित्य सिंह सामने आ गए हैं। प्रतिभा सिंह को चारों तरफ से घिरता हुए देख विक्रमादित्य सिंह द्वारा भाजपा नेत्रियों को अक्रामक अंदाज में उनके द्वारा किए जा रहे भ्रामक प्रचार को बंद करने की नसीहत दी है। इसके साथ विक्रमादित्य ने आने वाले समय में प्रदेश की जनता द्वारा उन्हें इसका जबाब चुनावों में सूत समेत देने की बात कही गई है।

मामले की शुरुआत बीते दिनों कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह द्वारा अपने लाहौल-स्पीति दौरे के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए एक विवादस्पद बयान देने पर शुरू हुई थी। प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में गुड़िया कांड जैसी एक छोटी सी वारदात गांव में बच्ची के साथ हुई थी और उस पर भाजपा ने खूब हल्ला मचाया था।

पुलिस का दफ्तर तक जला दिया गया था। तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने दूसरे दिन ही सीबीआई जांच के आदेश कर दिए थे और सीबीआई ने आकर इसकी जांच की। लेकिन भाजपा ने उस समय तब तक इसका रोना रोया जब तक प्रदेश में सत्ता परिवर्तन नहीं हुआ।

वहीं, मामले की गंभीरता को लेकर प्रदेश भाजपा महामंत्री राकेश जंवाल ने प्रतिभा सिंह पर ताबड़तोड़ जुबानी हमला बोला है। राकेश जंवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के शासनकाल के दौरान प्रदेश में मात्र 16 वर्षीय बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या करने का मामला सामने आया था। कांग्रेस सरकार द्वारा मामले में गठित एसआईटी भी संदेह के घेरे में आई और इसके अधिकारी भी जेल की सलाखों के पीछे चले गए।

उन्होंने कहा कि इस इतनी बड़ी घटना को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह द्वारा एक छोटी सी घटना करार देना बेहद दुखद और शर्मनाक है। कांग्रेस पार्टी अपने शासनकाल के दौरान हुए कृत्यों को हमेशा छोटा ही बताती है। इस कांड के कारण संपूर्ण देश में प्रदेश का नाम बदनाम भी हुआ था। लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा ऐसा बयान देना दुर्भाग्यपूर्ण है।

प्रदेश महिला मोर्चा महामंत्री मांचली ठाकुर ने कहा कि देवभूमि हिमाचल में बालिकाओं को देवी की तरह पूजा जाता है और शक्ति का रूप माना जाता है लेकिन प्रतिभा सिंह द्वारा ऐसे कुकृत्य को छोटी सी घटना कहना समाज में घटिया मानसिकता वाले लोगों के मनोबल को बढ़ावा देने के लिए पर्याप्त है।

प्रतिभा सिंह का यह बयान ना केवल प्रदेश बल्कि देश की करोड़ों महिलाओं का अपमान है। उन्होंने प्रतिभा सिंह को कड़े शब्दों में उनके बयान को लेकर सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने की मांग उठाई है। मांचली ठाकुर ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर प्रतिभा सिंह द्वारा माफी नहीं मांगी जाती है तो उनके खिलाफ प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा द्वारा मोर्चा खोला जाएगा। जिला केंद्रों में उनके खिलाफ धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रतिभा सिंह के विवादास्पद बयान के बाद लगातार हमलावर हुई भाजपा को टक्कर देने के लिए अब उनके बेटे एवं शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य भाजपा नेत्रियों को टक्कर देने के लिए सामने आ गए हैं।

विक्रमादित्य ने कहा कि उन्हें भाजपा की महिला नेत्रियों पर उन्हें बहुत तरस आता है और प्रतिभा सिंह के तथाकथित बयान पर प्रदर्शन करने से पहले जयराम ठाकुर सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में हुए 1500 दुष्कर्म के मामलों में इस प्रकार का तांडव मचाया होता तो वे उनके मुरीद हो गए होते।लेकिन ये नेत्रियां राजनीति का शिकार हैं और इनके राजनीतिक आकाओं द्वारा दिए गए निर्देशों पर चलने के लिए मजबूर हो जाती हैं।