प्रतिभा सिंह के विवादास्पद बयान के बाद अब आप ने भी खोला कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा

उमेश भारद्वाज। मंडी
प्रदेश की राजधानी शिमला के कोटखाई में घटित ‘गुड़िया कांड’ में प्रतिभा सिंह के विवादास्पद बयान के बाद राजनीति उबाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के बयान को बहुत शर्मनाक करार दिया है। उन्होंने प्रतिभा सिंह से प्रदेशाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की मांग की है।
सुरजीत ने कहा कि जिला शिमला के कोटखाई क्षेत्र में छात्रा के साथ दरिंदाें ने जघन्य अपराध किया था। तब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी। इसे कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह छोटी घटना बता रही हैं। आप प्रदेशाध्यक्ष ने इस संवेदनशील मामले में भाजपा और कांग्रेस पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए इसकी निंदा की है।