चुनावों में सीएम चेहरा कोई भी हो, लेकिन हिमाचल में चलेगा तो झाड़ू ही: पंकज पंडित

आशीष राणा। धर्मशाला

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल प्रदेश की जयराम सरकार की गलतफहमी दूर करने 23 अप्रैल को कांगड़ा दौरे पर आ रहे हैं। आप के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता पंकज पंडित ने कहा कि प्रदेश में रोटी-कपड़ा और मकान छीनने वाली सरकार है। चुनावों में मुख्यमंत्री चेहरा कोई भी रहेगा, लेकिन चलेगा झाडू ही। बुधवार को प्रेसवार्ता में पंकज पंडित ने कहा कि भाजपा सरकार को आप को लेकर जो गलतफहमी है, अरविंद केजरीवाल उसी को दूर करने आ रहे हैं। वैसे भी अरविंद केजरीवाल को राजनीति करने वाला नहीं, बल्कि राजनीति सिखाने वाले सीएम के रूप में जाना जाता है।

प्रदेश में आप का खौफ भाजपा व कांग्रेस दोनों दलों के चेहरों पर नजर आ रहा है। सत्ता बचाने की जद्दोजहद में लगी प्रदेश सरकार अधूरी घोषणाएं करके जनता को गुमराह कर रही है। सीमेंट प्रदेश में बनता है और हिमाचल के लोगों को ही महंगी दरों पर बेचा जा रहा है। प्रदेश में बदलाव की जो लहर चली है, उसे आम आदमी पार्टी हकीकत में बदलेगी। पंकज ने कहा कि प्रदेश की जागरूक जनता मुफ्तखोरी में विश्वास नहीं रखती। आम आदमी पार्टी के लिए हिमाचल में चुनौतियां हैं, लेकिन हम इन चुनौतियों को स्वीकार करते हैं।

पंकज पंडित ने कहा कि हिमाचल में पूर्व में हुए चुनावों में क्षेत्रीय दलों मत प्रतिशत मिलता रहा है। चाहे कोई भी क्षेत्रीय दल हो उसे मत प्रतिशत मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय पार्टी है न की क्षेत्रीय दल। दिल्ली जैसे राज्य में जहां केंद्र मे भाजपा की सरकार लगातार दूसरी बार सरकार है वहां आम आदमी पार्टी ने तीसरी बार सरकार बनाई है आप की नीतियां दर्शाती हैं कि दिल्ली मॉडल पर जनता हर बार मुहर लगाती है उन्हें पता है कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली को ऊंचाई के शिखर पर ले जा रहे हैं।