धड़ों में बंटी कांग्रेस प्रदेश व देश से हो जाएगी विलुप्त: सुरेश कश्यप

उज्जवल हिमाचल। शिमला

भाजपा महिला मोर्चा का जिला स्तरीय महिला सम्मेलन आज नाहन में आयोजित किया। कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रश्मिधर सूद व नाहन के विधायक डॉ. राजीव बिंदल विशेष रूप से मौजूद रहे। दरअसल इस सम्मेलन में भाजपा नेताओं ने जिलाभर से भारी संख्या में पहुंची महिलाओं को आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चुनावी टिप्स देते हुए आगामी विधानसभा चुनाव के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।

मीडिया से बात करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि आज देश सहित हिमाचल प्रदेश में भी आने वाले दिनों में कांग्रेस पार्टी विलुप्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल में आज कांग्रेस पार्टी धड़ों में बंटी है और हालात यह बन रहे हैं कि विपक्ष में कोई भी विधायक न रहकर हर कोई मुख्यमंत्री बनना चाहता है। यहीं हालात कांग्रेस के विलुप्त होने का कारण बनेंगे।

सुरेश कश्यप ने प्रदेश में मिशन रिपीट का भी दावा किया। महिला सम्मेलन में करुणा नियमों की अनदेखी के सवाल पर सुरेश कश्यप ने कहा कि अभी तो यह नहीं कह सकते कि कोरोना खत्म हो गया है, लेकिन इतना जरूर है कि जब तक कोरोना खत्म नहीं होता, तब तक सभी को एहतियात बरतने की आवश्यकता है।

दूसरी तरफ कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचीं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रश्मिधर सूद ने भी आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में मिशन रिपीट करने का दावा किया। उन्होंने कहा कि आज नाहन में आयोजित हुए सम्मेलन के माध्यम से महिला मोर्चा ने प्रदेश में चुनावी शंखनाथ कर दिया है। इसी तरह के सफल आयोजनों की उन्होंने प्रदेश के अन्य जिलों में भी उम्मीद जताई। भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में महिला शक्ति अपनी अहम भूमिका निभाएगी।