हिमाचल में 31 दिसंबर तक साफ रहेगा मौसम, पर जारी रहेगा ठंड का प्रकोप

उज्जवल हिमाचल। शिमला

हिमाचल में अगले चार दिन तक मौसम साफ रहने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में 26 दिसंबर को ताजा बर्फबारी के बाद से शीतलहर का प्रकोप जारी है। हालांकि, बीते दो दिन से सूबे में धूप खिली है, लेकिन ठंड से ठिठुरन बढ़ी है। आलम यह है कि पूरे हिमाचल में पारा 25 डिग्री से नीचे है। लेकिन मौसम विभाग के अनुसार 31 दिसंबर तक मौसम साफ बना रहेगा।

वहीं, अगर न्यूनतम और अधिकतम तापमान की बात करें तो सबसे कम तापमान लाहौल स्पीति में माइनस 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसके अलावा प्रदेश में सबसे अधिक तामपान ऊना जिले में 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, कांगड़ा में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।गौर हो कि प्रदेश इन दिनों कड़कड़ाती ठंड की चपेट में है। यहां ठंड का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है।

आलम यह है कि प्रदेश के कई जिलों में तापमान माइनस डिग्री में जा पहुंचा है। जिस कारण यहां लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है। ठंड इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि सड़कों पर कोहरा जमने लगा है। कई क्षेत्रों में तो पेयजल के पाइप भी जम गए हैं। जगह-जगह से बिजली के बाधित होने और सड़क मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना मिल रही है।