हिमाचल में सताने लगी गर्मी, 8 शहरों का तापमान 30 डिग्री पार

उज्जवल हिमाचल। शिमला

हिमाचल प्रदेश में सर्दियों में अच्छी बर्फबारी के बाद भयंकर गर्मी पड़नी शुरू हो गई है। मार्च के पहले पखवाड़े में ही प्रदेश के 8 शहरों का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक, प्रदेश में 18 मार्च तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। इससे गर्मी में और इजाफा होगा।

ऊना का तापमान सोमवार को 33.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो इस साल का सर्वाधिक है। इसी तरह सोलन सुंदरनगर, भुंतर, सोलन, कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर और हमीरपुर का पारा भी 30 डिग्री को पार कर गया है। मौसम विभाग द्वारा प्रदेश में 19 शहरों में तापमान की मॉनिटरिंग की जाती है। हर एक लोकेशन पर तापमान सामान्य से ज्यादा हो गया है।

कल्पा का पारा सामान्य से 10 डिग्री ज्यादा

कल्पा का तापमान सामान्य से 10 डिग्री अधिक होने के बाद 21.9 डिग्री पहुंच गया है। प्रदेश के अन्य स्टेशन पर भी अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा चल रहा है। इससे प्रदेशवासियों को मार्च में ही गर्मी का एहसास होने लगा है। आमतौर पर हिमाचल में मार्च महीने में सर्दी का सितम रहता है। खासकर शिमला, मंडी, कुल्लू, लाहौल स्पीति, किन्नौर और सिरमौर के ऊंचे क्षेत्रों में इन दिनों मौसम ठंडा रहता था, लेकिन इस बार मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ भी तपने लगे हैं।

इस वजह से बढ़ रहा तापमान

मौसम विभाग की मानें तो पूर्वी क्षेत्रों से चलने वाली हवाओं के कारण तापमान में इजाफा हो रहा है। प्रदेश में हवाएं भी सामान्य से एक-दो किलोमीटर तेज गति से चल रही हैं। इससे वायुमंडल और सतह की हवा मिक्स होने से तापमान बढ़ रहा है।