हिमाचल में चार दिन बारिश की संभावना, मैदानी भागों में अंधड़ का अलर्ट जारी

उज्जवल हिमाचल। शिमला

जहां एक ओर मैदानी क्षेत्रों में गर्मी से लोगों का हाल इन दिनों बेहाल है। वहीं, पहाड़ों पर भी तामपान में बढ़ोतरी से लोग गर्मी से परेशान हैं। हालांकि हिमाचल प्रदेश में मौसम करवट बदल सकता है। मौसम विभाग ने हिमाचल में चार दिन बारिश की संभावना जताई है। जबकि, मैदानी भागों में अंधड़ को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के मध्य और उच्च पर्वतीय कई भागों में 19 से 22 अप्रैल तक बारिश के साथ अंधड़ चलने की संभावना है। वहीं, निचले और मैदानी एक-दो भागों में 20 से 22 अप्रैल तक बारिश हो सकती है। इन भागों में अंधड़ चलने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रियता से मौसम में यह बदलाव आने की संभावना है।