विधानसभा का घेराव करने पहुंचे युकां के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प

आशीष राणा। तपोवन

विधानसभा परिसर तपोवन से करीब एक किलोमीटर दूर जोरावर स्टेडियम में मंगलवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई। जानकारी के अनुसार मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे युवा कांग्रेस कार्यकर्ता विधानसभा घेराव के लिए आगे बढ़ रहे थे, लेकिन मौके पर तैनात भारी पुलिस बल ने इन्हें रोक दिया। इस दौरान युकां कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच झड़प हो गई। इसमें कई पुलिस कर्मियों व युकां कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं। एक महिला पुलिस कर्मी भी घायल हुई है। धक्कामुक्की के दौरान एक युकां कार्यकर्ता बेसुध होकर जमीन पर गिर गया। घायल को एंबुलेंस में अस्पताल भेजा गया। इस दौरान काफी देर तक युकां कार्यकर्ताओं व पुलिस के भी गतिरोध बना रहा। युकां कार्यकर्ता विधानसभा घेराव पर अड़े रहे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

इसके बाद युकां कार्यकर्ता पुलिस की ओर से लगाए बैरिकेड के पास धरने पर बैठ गए।  इसके बादडीसी कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल मौके पर पहुंचे और युकां की मांगों को सुना। इस दौरान युकां ने डीसी के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपा।  डीसी के आश्वासन के बाद युवा कांग्रेस ने प्रदर्शन खत्म किया। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निगम भंडारी ने कहा कि युकां महंगाई, बेरोजगारी, पुरानी पेंशन व अन्य मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रही थी, लेकिन इसी बीच कार्यकर्ताओं के साथ धक्कामुक्की हुई है।

वहीं, प्रदर्शन पर नजर रखने के लिए पुलिस प्रशासन को आज दो-दो ड्रोन का सहारा लेना पड़ा।  वहीं, इस घटना पर कार्यकर्ताओं ने अच्छा खासा रोष जताया है और उन्होंने कहा है कि जयराम सरकार युवा कांग्रेस से डर गई है और इसीलिए इस तरह का व्यवहार किया जा रहा है।

दल-बल से विपक्ष की आवाज़ कुचल रही जयराम सरकार: मुकेश अग्निहोत्री  

वहीं, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने यूथ कांग्रेस पर हुए लाठीचार्ज के मुद्दे को विधानसभा अध्यक्ष के सामने उठाया और कहा कि सरकार दल बल से विपक्ष की आवाज कुचल रही है। बेरहमी से यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं पर लाठियां बरसाई गईं जो सरासर गलत है। सदन में विधानसभा अध्यक्ष के सामने उठाया और कहा कि सरकार दल बल से विपक्ष की आवाज कुचल रही है। बेरहमी से यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं पर लाठियां बरसाई गईं जो सरासर गलत है।

कांग्रेस विधायकों के प्रश्नों को सदन में दबाया जा रहा: विक्रमादित्य सिंह

वहीं, विधायक विक्रमादित्य सिंह ने भी सरकार को जमकर कोसा है और कहा कि जयराम सरकार डर भी जल्दी-जल्दी जाती है और झुक भी जल्दी जाती है। जैसा कि 10 दिन पहले जब घेराव हुआ था तब सरकार ने 1 घंटे के भीतर ही नोटिफिकेशन जारी की थी और विधानसभा के अंदर कांग्रेस के विधायकों के प्रश्नों को दबाया जा रहा है जो कि अच्छी बात नहीं है।