अस्पताल के अस्थायी सफाई कर्मियाें को मिला नववर्ष का तोहफा, सेवाएं समाप्त

पंकज शर्मा। ज्वालामुखी

नववर्ष के पहले दिन ही ज्वालामुखी सिविल अस्पताल में नियुक्त अस्थाई कर्मचारियों को तोहफा मिल गया, उनकी सेवाएं आज अस्पताल में समाप्त कर दी गई। उन्हें बताया गया कि अब ठेकेदार द्वारा कर्मचारी रखे जाएंगे। इसलिए उनसे ही संपर्क करें। इस बारे में सीएमओ कांगड़ा गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि पहले डेली वेजेस पर कर्मचारी रखे गए थे, अब ठेकेदार के माध्यम से रखे जाएंगे। अस्थाई कर्मचारी इसको लेकर उग्र हो गए हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी ज्वालामुखी भी इनके समर्थन में आ गए हैं।

आम आदमी पार्टी यूथ विंग अध्यक्ष विकास धीमान ने बताया की 2009 से ये 9 अस्थाई सफाई कर्मचारी अस्पताल में सेवाएं दे रहे हैं, अब अस्पताल प्रसाशन कह रहा है कि उनके पास फंड नही हैं, अब ठेकेदार द्वारा कर्मचारी रखे जाएंगे, जबकि ठेकेदार को भी अस्पताल ही पैसे देगा। ऐसे में अस्थाई कर्मचारियों के साथ अन्याय हो रहा है और आम आदमी पार्टी इनके हित के लिए आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी। वहीं, अस्थाई कर्मचारी ज्योति ने बताया कि एकदम से उन्हें निकाल दिया गया, जबकि उन्होंने कोरोना काल मे भी सेवाएं दी। अब उनका रोजगार खत्म हो गया। ऐसे में हमारे साथ अन्याय कर रहा है। सरकार हमारे लिए प्रावधान करें।