एचआरटीसी के एमडी और संदीप ने संस्था काे भेंट की एंबुलेंस

एमसी शर्मा। नादौन

एचआरटीसी के एमडी एवं नादौन शहर के निवासी संदीप कुमार ने शहर की सामाजिक संस्था सुंदरासी मणिमहेश लंगर सेवा दल को एक एंबुलेंस भेंट की है। संदीप कुमार व उनके कुछ दोस्तों ने मिलकर इस एंबुलेंस के लिए धन उपलब्ध करवाया है। इससे पूर्व भी वह एक एंबुलेंस संस्था को भेंट कर चुके हैं, अब संस्था के पास दो एंबुलेंस उपलब्ध हो गई है। बुधवार सुबह संस्था के पदाधिकारियों सहित संदीप कुमार की उपस्थिति में एंबुलेंस की विधिवत पूजा-अर्चना की गई तथा शहर के रामलीला मैदान में संदीप कुमार ने एंबुलेंस की चाबियां व दस्तावेज संस्था को भेंट किए। संस्था के पदाधिकारियों ने संदीप कुमार व उनके दोस्तों का इस सामाजिक कार्य के लिए आभार प्रकट किया।

गौर हो कि शहर व आसपास के क्षेत्रों में संस्था की इस एंबुलेंस सेवा की भारी मांग रहती है, जिसे देखते हुए संदीप कुमार ने यह दूसरी एंबुलेंस उन्हें उपलब्ध करवाई है। कोविड के दौरान भी यह एंबुलेंस सेवा प्रशासन के पास उपलब्ध रखी गई थी। यह सेवा बिना किसी आर्थिक लाभ या हानि पर उपलब्ध करवाई जा रही है, जबकि गरीबों के लिए विशेष प्रावधान किया गया है। उल्लेखनीय है कि संदीप कुमार समाज सेवा में पहले भी अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं। इससे पूर्व भी उन्होंने व्यक्तिगत प्रयासों से शहर में स्थित श्मशान घाट के लिए 10 लाख रुपए की राशि उपलब्ध करवाई थी, जिसके बाद वहां काफी कार्य हुआ है।

वहीं, नादौन के व्यास पुल पर उन्होंने उपायुक्त कांगड़ा रहते हुए लोहे की रेलिंग लगाई है, जिससे यहां नदी में छलांग लगा कर आत्महत्या करने वाले मामलों पर काफी अंकुश लगा है। संदीप कुमार ने कहा कि सामाजिक कार्यों के लिए हर व्यक्ति को अपना योगदान अवश्य देना चाहिए। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष नवल अवस्थी, हैप्पी सिंगला, नगर पंचायत अध्यक्ष तरुण कपिल, नगर पंचायत उपाध्यक्ष योगराज, अजय डोगरा, अनिल डोगरा, राजीव रामा, काजू जैन व प्रवीण सेठी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।