भारतीय नौसेना में युद्ध के मोर्चे पर अब महिलाएं भी संभालेंगी कमान

उज्जवल हिमाचल। डेस्क

भारतीय नौसेना में भी महिला सैनिक पुरुष सैनिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देंगी। भारतीय नौसेना ने पहली बार हेलिकॉप्टर स्ट्रीम में दो महिलाओं को तैनात करने का फैसला किया है। सब लेफ्टिनेंट कुमुदिनी त्यागी और सब लेफ्टिनेंट रीति सिंह को ऑब्जवर्स (एयरबोर्न टैक्टिशियंस) के रूप में तैनाती दी गई है। फ्रंटलाइन वॉरशिप्स में महिलाओं की यह पहली तैनाती होगी। इससे पहले नौसेना में महिलाओं की एंट्री को विंग एयरक्राफ्ट तक ही सीमित रखा गया था।

  • पहली बार हेलिकॉप्टर स्ट्रीम में दो महिलाओं को किया तैनात

डिफेंस स्टेटमेंट में बताया गया कि दोनों महिलाएं नौसेना के 17 अधिकारियों के एक समूह का हिस्सा हैं, जिनमें चार महिला अधिकारी और भारतीय तटरक्षक के तीन अधिकारी शामिल हैं, जिन्हें आज आईएनएस गरुड़ में आयोजित एक समारोह में ऑब्जर्वर्स के रूप में तैनाती को लेकर विंग्स से सम्मानित किया गया।

ग्रुप में नियमित बैच के 13 अधिकारी और शॉर्ट सर्विस कमीशन बैच की चार महिला अधिकारी शामिल थीं। समारोह की अध्यक्षता चीफ स्टाफ ऑफिसर (ट्रेनिंग) रियर एडमिरल एंटनी जॉर्ज ने की, जिन्होंने अधिकारियों को पुरस्कार और प्रतिष्ठित विंग्स भेंट किए।