लद्दाख: खुद फायरिंग कर मुकर रही चालबाज लाल सेना

उज्जवल हिमाचल। डेस्क

लद्दाख में चीन अपनी सीनाजोरी से बाज नहीं आ रहा है। उकसावे वाली कार्रवाई के बाद मुकरना उसकी फितरत बन गई है। वहीं पूर्वी लद्दाख में पैंगोंग झील के दक्षिणी तट पर भारतीय सेना की ओर से फायरिंग वाले चीनी दावे को भारत सरकार ने झूठला दिया है। चीन एलएसी पर खुद फायरिंग करके भारतीय सेना पर आरोप लगा रहा है। मगर भारत ने एक बार फिर से चीनी की झूठ से पर्दा हटा दिया है। भारत ने बयान जारी कर कहा है कि पीएलए के जवानों ने उकसावे की कार्रवाई की है। भारत ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि भारतीय सेना ने एलएसी यानी वास्तविक नियंत्रण रेखा पर फायरिंग नहीं की है और न ही पार की है। बल्कि कुछ जगहों पर पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ने ही फायरिंग की है। दरअसल, सोमवार की रात चीनी सेना ने दावा किया कि पैंगोंग झील के दक्षिणी तट पर भारतीय सेना ने वास्तविक नियंत्रण रेखा का उल्लंघन करते हुए फायरिंग की। जिसके जवाब में आज मंगलवार को भारतीय सेना ने कहा कि ड्रैगन की सेना ने खुद फायरिंग की और आरोप हम पर लगा रहा है। भारत ने कहा चीन लगातार समझौते का उल्लंघन कर रहा है और आक्रामक रवैया अपना रहा है। जबकि सैन्य, कूटनीतिक और राजनीतिक स्तर पर दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है।