उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने कलोहा में सुनी जन समस्याएं

उज्जवल हिमाचल। जसवां परागपुर

हिमाचल प्रदेश के परिवहन, उद्योग तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने शनिवार को जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कलोहा में महिला मोर्चा तथा किसान मोर्चा सहित विभिन्न मोर्चों तथा प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ बैठक में भाग लिया तथा जनसमस्याएं भी सुनीं। उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने महिलाओं के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की है।

इस वर्ष के वित्तीय बजट में 65 वर्ष से ऊपर की आयु वाली समस्त महिलाओं को सरकार ने बिना किसी आय प्रमाण पत्र के पेंशन दिए जाने का प्रावधान किया है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए केंद्र तथा प्रदेश सरकार ने कई ऐसी योजनाएं शुरू की हैं, जिनका लाभ सीधे तौर पर जरूरतमंद महिलाओं को मिल रहा है। उन्होंने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत सालाना दिए जा रहे 6000 रूपए का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने हर वर्ग को राहत प्रदान करने के लिए कारगर कदम उठाए हैं।

केंद्र सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए कृत संकल्पित है और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में चल रही प्रदेश सरकार किसानों के हित के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने विभिन्न मोर्चों तथा प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों से केंद्र तथा प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष विनोद शर्मा, महिला मोर्चा अध्यक्षा अनीता सिपहिया व मंडल महामंत्री रुपिंदर सिंह डैनी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।