उद्योग मंत्री ने जसवां-प्रागपुर में 70 लाख की वन परियोजनाओं का किया शिलान्यास

चपलाह में वन महात्सव की अध्यक्षता कर किया पौधारोपण

कमल हिमाचली। डाडासीबा

उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने आज जस्वां प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र में वनों एवं प्रकृति के संवर्धन और संरक्षण से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। इसके तहत बिक्रम ठाकुर ने 70 लाख रूपए की परियोजनाओं का शिलान्यास किया और एक करोड़ रूपए के विकास कार्यों का निरिक्षण किया। जिनमें सरड़ डोगरी में 40 लाख की लागत से बनने वाले वन निरक्षिण कुटीर की नींव, बणी में 20 लाख की लागत से जल संरक्षण तालाब के जीर्णोधार की शुरुआत एवं डडोआ में 10 लाख की लागत से बनने वाले वन रक्षक आवास का नींव पत्थर रखा।

इसके बाद उद्योग मंत्री ने स्दवां में 40 लाख की लागत से बनने वाले वन निरिक्षण कुटीर व नेचर पार्क और डाडासीबा में 60 लाख की लागत से बनने वाले निर्माणाधीन वन विश्राम गृह का निरिक्षण किया। तत्पश्चात उद्योग मंत्री ने चपलाह में आयोजित वन महोत्सव की अध्यक्षता करते हुए पौधरोपण किया। इस अवसर पर उद्योग मंत्री ने कहा कि वनों एवं प्रकृति की वजह से ही हमारा जीवन खुशहाल है और पृथ्वी में संतुलन बना हुआ है। उन्होंने कहा कि वनों के संरक्षण एवं संवर्धन से न केवल मानव प्रजाती अपितु समस्त जीव-जंतुओं का भरण-पाषण एवं संवर्धन होता है।

उन्होंने कहा कि इस हेतु वनों एवं प्रकृति की रक्षा एवं संवर्धन हम सब की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपनी प्राकृतिक सुंदरता और वनों के कारण विश्व के मानचित्र पर अंकित है। उन्होंने कहा कि वन और प्रकृति हिमाचल की पहचान और धरोहर हैं। इसलिए यह हम सब की जिम्मेदारी बनती है कि अपनी धरोहर और पहचान पर हम कोई आंच न आने दें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वनों और प्रकृति के संरक्षण के लिए जयराम सरकार द्वारा कईं महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। इनमें विद्यार्थी वन मित्र योजना, सामुदायिक वन संवर्धन योजना एवं प्रदेश सरकार द्वारा एक बूटा बेटी के नाम योजना से बालिका के जन्म के अवसर पर परिवार को पांच पौधे, बालिका के नाम की पट्टिका और केंचुआ खाद उपलब्ध करवाई जाती है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में वर्तमान सरकार वन संरक्षण, संवर्धन और इन्हें पर्यटन व अन्य रोजगार गतिविधियों से जोड़ने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जसवां-प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र में भी आज करोड़ों की लागत से वन संरक्षण और संवर्धन हेतु कईं परियोजनाएं और विकास कार्य चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जसवां-प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र का चौतरफा विकास ही उनकी प्राथमिकता है, जिसमें सड़कों का निर्माण एवं रखरखाव, मूलभूत ढांचा सुदृढ़ करना, प्राकृतिक संपदा और असहायों को बल देने के लिए उनके द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

इस मौके पर मुख्य अरण्यपाल हमीरपुर वन वृत अनिल जोशी ने प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही वन संबंधी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इनके तहत स्थानीय लोगों की सहभागिता से पौधारोपण पर बल दिया जा रहा है। साथ ही वनमंडलाधिकारी आरके डोगरा ने आए हुए अतिथियों का स्वागत किया। इसके दौरान उद्योग मंत्री ने जनसमस्याओं को सुनते हुए अधिकत्म का मौके पर निपटारा किया और शेष के समयबद्ध निवारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

इस अवसर पर एसडीएम देहरा धनबीर ठाकुर, मंडलाध्यक्ष विनोद शर्मा, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग हर्ष पुरी, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग संदीप चौधरी, बीडीओ प्रागपुर कंवर सिंह, वन परिक्षेत्र अधिकारी पवन कुमार, महामंत्री रूपिंद्र डैनी, प्रदान ग्राम पंचायत बणी ध्यान सिंह, सुशील शर्मा सहित वन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Comments are closed.