चमुखा पंचायत में ग्रामीणों को दी कानूनी पहलुओं की जानकारी

उमेश भारद्वाज। मंडी

मंडी जिला के उपमंडल स्तरीय कानूनी सेवा समिति, और अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सीनियर सिविल जज सुंदरनगर द्वारा ग्राम पंचायत चमुखा में कानूनी जागरूकता के लिए एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में उपमंडल स्तरीय कानूनी सेवा समिति की अध्यक्ष एवं सीनियर सिविल जज सुंदरनगर दिव्याज्योति पटियाल के साथ विभिन्न विभागों से आए अधिकारियों ने लोगों को कानूनी जानकारी प्रदान की। जानकारी देते हुए दिव्याज्योति पटियाल ने कहा कि कानून एक कॉमन सेंस और एक सहयोग है और हमें अपने अधिकारों तथा कर्तव्यों का ज्ञान होना चाहिए।

लेकिन आज के समय में लोग अपने अधिकारों को तो भली-भांति समझते हैं पर कर्तव्यों को भूल जाते हैं। उन्होंने कानूनी प्रक्रिया की जानकारी देते हुए लोगों को जागरूक किया और कानूनी मुश्किलों के विभिन्न उपायों तथा मुफ्त कानूनी सहायता के बारे में भी बताया। इस अवसर पर अधिवक्ता प्रेम चंद ठाकुर ने कानून संबंधी प्रक्रिया से लोगों को अवगत करवाया गया। तहसीलदार सुंदरनगर जगदीश शर्मा ने लोगों को राजस्व विभाग से संबंधित जैसे निशानदेहीए तक्सीमए लोक मित्र केंद्र की जानकारी दी।

साथ ही तहसील कल्याण अधिकारी सुंदरनगर विक्रांत जग्गा ने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर चमुखा पंचायत की जनता ने सीनियर सिविल जज दिव्याज्योति पटियाल से अपनी कानूनी समस्याएं भी बताई और समस्याओं के समाधान प्राप्त किए। इस अवसर पर बीडीओ सुंदरनगर सुरेंद्र ठाकुर, एसआई पुलिस थाना सुंदरनगर सुभाष कुमार, चमुखा पंचायत प्रधान मस्तराम के साथ अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।