ईशान किशन को फोर्टिस अस्‍पताल से मिली छुट्टी, सिर पर लगी थी चोट

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

भारत के सलामी बल्‍लेबाज ईशान किशन को हेड इंजरी की वजह से कांगड़ा के फोर्टिस अस्‍पताल में उपचाराधीन किया गया था। लेकिन उन्‍हें अस्‍पताल से छुट्टी दे दी गई है। बताया जा रहा है ईशान किशन की हालत खतरे से पूरी तरह बाहर है व वह टीम इंडिया कैंप में लौट गए हैं। भारत-श्रीलंका के बीच धर्मशाला में शनिवार को खेले गए अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच में बैटिंग के दौरान ईशान किशन को सिर पर चोट लगी थी, जिसके बाद उन्हें तुरंत कांगड़ा के फोर्टिस अस्पताल लाया गया। यहां उनका सीटी स्कैन कर पहले आइसीयू में भर्ती किया गया और बाद में स्पेशल वार्ड में शिफ्ट कर दिया।

आज सीरीज के अ‍ाखिरी मैच में ईशान किशन के खेलने पर संशय बना हुआ है। ईशान किशन व श्रीलंका के खिलाड़ी दिनेश चांदीमल को शनिवार देर रात इलाज के लिए कांगड़ा स्थित फोर्टिस अस्पताल लाया गया था। ईशान किशन को स्पेशल वार्ड में भर्ती किया गया, जबकि अंगूठे में मामूली चोट का उपचार करने के बाद श्रीलंका के दिनेश चांदीमल को वापस भेज दिया। रविवार को धर्मशाला में खेले जाने वाले मैच में दोनों खिलाड़‍ियों के खेलने पर संशय बना हुआ है।

फोर्टिस अस्पताल के जनरल मैनेजर अमन सैमुअल ने बताया जिला प्रशासन से उन्हें दो अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के इलाज करवाने की जानकारी मिली थी जिसके चलते उन्होंने फोर्टिस अस्पताल को आपातकाल के लिए तैयार रखा था। उन्होंने बताया सर्वप्रथम भारतीय खिलाड़ी ईशान किशन को जिला प्रशासन द्वारा फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया गया जहां तुरंत उनका सीटी स्कैन कर आइसीयू में भर्ती किया गया। ईशान की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं। उन्होंने बताया भारतीय खिलाड़ी ईशान किशन को भी छुट्टी दे दी गई है।