कश्मीर में ITBP के जवान हुए बस हादसे का शिकार, LG ने दिया कंधा

उज्जवल हिमाचल। डेस्क

कश्मीर के पहलगाम में मारे गए भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) जवानों को बुधवार को श्रीनगर में श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर जम्मू-कश्मीर के LG मनोज सिन्हा भी मौजूद थे। उन्होंने ITBP के जवानों के शवों को कंधा दिया। श्रीनगर से जवानों के शव उनके घरों को भेजे जाएंगे।

पहलगाम में मंगलवार सुबह 11.10 बजे ITBP की एक बस 100 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 7 जवानों की मौत हो गई। बस में ITBP के 39 और जम्मू कश्मीर पुलिस के 2 जवान सवार थे। बस का ब्रेक फेल होने की वजह से हादसा हुआ था। सभी जवान अमरनाथ यात्रा से ड्यूटी कर लौट रहे थे। जवान अमरनाथ यात्रा के स्टार्टिंग पॉइंट चंदनवाड़ी से पहलगाम आ रहे थे। बीच में ही ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और बस खाई में जा गिरी। बस दो बार पलटी खाकर नदी के किनारे जाकर गिरी। जिससे उसके परखच्चे उड़ गए।

हादसे में इन जवानों की मौत
मरने वाले ITBP जवानों के नाम हेड कॉन्स्टेबल दुला सिंह (तरन तारन, पंजाब), कॉन्स्टेबल अभिराज (लखीसराय, बिहार), कॉन्स्टेबल अमित के (एटा, यूपी), कॉन्स्टेबल डी राज शेखर (कडपा, आंध्र प्रदेश), कॉन्स्टेबल सुभाष सी बैरवाल (सीकर राजस्थान), कॉन्स्टेबल दिनेश बोहरा (पिथौरागढ़, उत्तराखंड) और कॉन्स्टेबल संदीप कुमार जम्मू के रूप में हुई है।

श्रीनगर में चल रहा गंभीर घायल जवानों का इलाज
ITBP के DG एसएल थाओसेन ने बताया कि हादसे में सात जवानों की जान चली गई है। गंभीर रूप से घायल आठ जवानों को इलाज के लिए श्रीनगर ले जाया गया है। बाकी का इलाज अनंतनाग के एक अस्पताल में चल रहा है। वहीं जम्मू-कश्मीर के DIG रनबीर सिंह के मुताबिक गंभीर घायल जवानों को श्रीनगर के 92 बेस हॉस्पिटल में लाया गया है। बाकी जवानों की हालत स्थिर है।