अढ़ाई साल का कार्यकाल सफल, ऐतिहासिक निर्णय लिए: सीएम

उज्जवल हिमाचल। मंडी/शिमला

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने मंडी में भाजपा संगठनात्मक जिला सुंदरनगर के पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार का अब तक का अढ़ाई वर्ष का कार्यकाल सफल रहा है, जिसमें कई ऐतिहासिक निर्णय और नई पहल की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दौरान राज्य सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और निर्णयों के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों और गरीबों के जीवन में आशातीत बदलाव आए। अब यह पार्टी कार्यकर्ताओं का कत्र्तव्य है कि सरकार की पहल और कल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि पार्टी और सरकार की मजबूती के लिए सरकार और संगठन में समुचित समन्वय आवश्यक है।

कार्यकर्ता मुद्दों को उछालने के बजाय उचित मंच पर चर्चा करें

जयराम ठाकुर ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि विभिन्न मुद्दों को मीडिया में उछालने के बजाय इन पर उचित मंच पर चर्चा करें। प्रदेश में भाजपा सरकार के मिशन रिपीट को सफल बनाने के लिए यह आवश्यक है कि पार्टी के सातों मोर्चा आपसी तालमेल के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान प्रदेश की आर्थिकी को मजबूती प्रदान करने के लिए केंद्र सरकार ने हिमाचल सरकार को कुछ कड़े कदम उठाने की सलाह दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी में जिस व्यक्ति को जो जिम्मेवारी दी जाती है  उसे पूरे समर्पण और ईमानदारी के साथ पूरा करना चाहिए। पार्टी नेताओं को अपने कार्यकर्ताओं और आम जनता के साथ सीधा सम्पर्क बनाना चाहिए ताकि पार्टी का आधार बढ़ सके। यह सोशल मीडिया के अधिकाधिक उपयोग से ही संभव है। उन्होंने कहा कि एक वर्ष पूर्व लोकसभा चुनावों में भाजपा उम्मीदवारों की जबरदस्त जीत पार्टी कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम और आपसी समन्वय के कारण संभव हुई थी। पार्टी ने प्रदेश के चारों संसदीय क्षेत्रों में रिकार्ड अन्तर के साथ जीत दर्ज की। प्रदेश भाजपाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि संगठन की बेहतरी के लिए यह आवश्यक है कि लोगों के साथ जमीनी स्तर पर व्यापक सम्पर्क स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की विभिन्न नीतियों और कार्यक्रमों के बारे में लोगों की प्रतिक्रिया जानने के लिए उचित कदम उठाए जाने चाहिए।

उन्होंने संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल पर भी बल दिया। प्रदेश के विभिन्न मामलों का प्रभावी रूप से प्रबन्धन करने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने जन कल्याण की दिशा में केन्द्र और राज्य सरकारों की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल के दौरान कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं।